राष्ट्रीय

दशहरे के दिन मस्जिद में घुसी भीड़, ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ पूजा करने का आरोप, 9 पर केस दर्ज

कर्नाटक के बीदर में दशहरे के दिन लोगों की भारी भीड़ एक मस्जिद में घुस गई। इस दौरान लोगों ने वहां ना सिर्फ 'भारत माता की जय' और 'जय श्रीराम' के नारे भी लगाए, बल्कि मस्जिद के अंदर पूजा भी की।

बेंगलुरु। कर्नाटक के बीदर में दशहरे के दिन लोगों की भारी भीड़ एक मस्जिद में घुस गई। इस दौरान लोगों ने वहां ना सिर्फ ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगाए, बल्कि मस्जिद के अंदर पूजा भी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। पुलिस ने महमूद गेवान मदरसा और मस्जिद के मैदान में कथित तौर पर प्रवेश करने और नारे लगाने के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि भीड़ ने गेट तोड़ने की कोशिश की और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी को धमकाया और मस्जिद की दीवार पर कचरा फेंक दिया। शिकायतकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को अपना विरोध प्रदर्शन तेज करने की भी चेतावनी दी है। इसके बाद पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

गुलबर्गा के पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि सालों से मस्जिद के पास जाकर हिंदू एक पेड़ की पूजा करते आ रहे हैं। इस बार वहां कोई पेड़ नहीं था। उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि उसके बाद क्या हुआ। इस मस्जिद के पास हिंदुओं का जाना कोई नई बात नहीं है। हर विजयादशमी पर वे पूजा के लिए जाते हैं।”

Related Articles

Back to top button