मेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे में मिलाना पड़ा भारी, अनुपम हॉस्पिटल पर 30 हजार का जुर्माना

एम. डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। नगर निगम जोन क्रमांक 9 के स्वास्थ्य विभाग ने आदर्श नगर मोवा स्थित अनुपम हॉस्पिटल मल्टी स्पेशलिटी सेंटर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया है। हॉस्पिटल के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में मेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ मिलाकर दिए जाने की शिकायत/मामला सामने आने के बाद निगम की टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, जोन 9 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आदर्श नगर मोवा में ओम शांति स्कूल के पीछे स्थित अनुपम हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान हॉस्पिटल के कचरे में मेडिकल वेस्ट मिश्रित पाया गया। निगम अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए हॉस्पिटल प्रबंधन को भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।


कार्रवाई के दौरान हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. नम्रता सिरमौर को स्पष्ट रूप से चेतावनी देते हुए मौके पर ही 30 हजार रुपये का ई-जुर्माना वसूल किया गया।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश, जोन क्रमांक 9 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के निर्देश पर की गई। कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा, स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
मेडिकल वेस्ट को लेकर निगम सख्त
मेडिकल वेस्ट का सामान्य कचरे के साथ मिश्रण न केवल स्वच्छता व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि इसके सुरक्षित निस्तारण से जुड़े गंभीर सवाल भी खड़े करता है। ऐसे में नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर में कचरा पृथक्करण और मेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन को लेकर सख्ती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि शहर के अन्य अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में भी मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था की निगम द्वारा जांच की जाएगी या नहीं?




