14. पटना में पासपोर्ट ऑफिस को RDX से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; परिसर खाली कराया

पटना। पटना के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब जिले के मनेर स्थित उप डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
धमकी भरा ईमेल सामने आते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पूरे डाकघर परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, डाक अधीक्षक (पासपोर्ट) के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया। ईमेल में कहा गया कि हमारे पैगंबर का अपमान किया गया है, इसलिए डाकघर में साइनाइड गैस छोड़ी जाएगी और कार्यालय को आरडीएक्स से उड़ा दिया जाएगा।
दोपहर में आए ईमेल के बाद पुलिस इस संदेश की सत्यता और स्रोत की जांच कर रही है। आशंका है कि यह किसी सरफिरे की करतूत हो सकती है।
सूचना मिलते ही खाली कराया गया परिसर
धमकी मिलने के तुरंत बाद मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे डाकघर परिसर को खाली करा दिया।
वहां मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
बम निरोधक दस्ता और जांच एजेंसियां अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को बुलाया गया। परिसर की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बरत रही है।
ईमेल भेजने वाले की तलाश
पुलिस की साइबर टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह केवल अफवाह फैलाने की कोशिश है या इसके पीछे कोई वास्तविक साजिश है।
लोगों से अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



