राष्ट्रीय

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में दिखे कई रंग

गुरुवार की सुबह यात्रा की शुरुआत रुद्रम से हुई। इसके बाद रास्ते में कई जगह राहुल गांधी के अलग अलग रंग देखने को मिले।

एम.डी. आरिफ की रिपोर्ट………

हैदराबादकांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में गुरुवार को राहुल गांधी के कई रंग देखने को मिले। तेलंगाना में कांग्रेस की इस यात्रा के 12वें दिन राहुल गांधी ने एक बच्चे के मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दी तो एक जगह लोक नृत्य किया और आगे बोनालू फेस्टिवल में भी हिस्सा लिया। गुरुवार की सुबह यात्रा की शुरुआत रुद्रम से हुई। इसके बाद रास्ते में कई जगह राहुल गांधी के अलग अलग रंग देखने को मिले।

गुरुवार को पहले उन्होंने एक बच्चे को कराटे की ट्रेनिंग दी। फिर लोक नृत्य ढिमसा किया। इसके बाद सबसे अलग चीज यह रही कि राहुल बोनालू उत्सव में शामिल हुए। इसमें उन्होंने खुद को कोड़े मारे। तेलंगाना के बोनालू फेस्टिवल में कोड़े मारने की परंपरा है। यह कोड़े पोथाराजू बना व्यक्ति अपने शरीर पर मारता है। पोथाराजू, बोनालू फेस्टिवल की देवी महाकाली का भाई है, जो देवी की रक्षा के लिए चाबुक चलाता है। पोथाराजू को देवी महाकाली के विभिन्न रूपों वाली सात बहनों का भाई माना जाता है। राहुल गांधी ने भी अपनी यात्रा के दौरान यही अवतार अपनाया।

इससे पहले यात्रा की शुरुआत में रुद्रम में एक बच्चा कराटे ड्रेस में नजर आया। राहुल ने उसे बुलाया और उसको पंचिंग प्रैक्टिस कराई। इस दौरान एक लड़की भी कराटे ड्रेस में नजर आई। गौरतलब है कि राहुल गांधी जापानी मार्शल आर्ट फॉर्म अकीदो में ब्लैक बेल्ट हैं। उन्हें 2013 में ब्लैक बेल्ट दिया गया था। एक दिन पहले बुधवार को राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में मशहूर अभिनेत्री पूजा भट्ट शामिल हुई थीं।

गौरतलब है कि कांग्रेस की यह यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और उसके बाद केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से गुजरने के बाद तेलंगाना पहुंची है। तेलंगाना में भारत जोड़ो यात्रा 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों में कुल 3750 किलोमीटर का सफर कर रही है। कांग्रेस की ओर से बताया गया है कि चार नवंबर को एक दिन का ब्रेक रहेगा। उसके बाद दो दिन चल कर सात नवंबर को यात्रा महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। महाराष्ट्र में कांग्रेस की सहयोगी शिव सेना और एनसीपी के नेता भी यात्रा में शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button