पांच दिनों में 46 करोड़ की शराब गटक गए रायपुर के मदिराप्रेमी, त्योहारों में टूटा बिक्री का रिकॉर्ड!

रायपुर। दीपावली और त्योहारों के सीजन में रायपुर जिले में शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। दीपावली के शुरुआती चार दिनों में ही रायपुर जिले के मदिराप्रेमियों ने करीब 46 करोड़ रुपये की शराब खरीद ली। पिछले वर्ष इसी अवधि में शराब की बिक्री लगभग 41 करोड़ रुपये रही थी। यानी इस बार बिक्री में करीब 5 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
धनतेरस से लेकर भाईदूज तक शराब दुकानों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। त्योहारों के दौरान शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए आबकारी विभाग ने भी दुकानों में अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराया था, ताकि ग्राहकों को शराब की उपलब्धता में परेशानी न हो।
प्रदेश में भी शराब की बिक्री का बड़ा आंकड़ा
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले वर्ष धनतेरस से भाईदूज तक छत्तीसगढ़ में लगभग 61 करोड़ रुपये की शराब बिक्री हुई थी। इस वर्ष त्योहारों के दौरान प्रदेशभर में बिक्री 70 से 80 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। रायपुर जिला हर बार शराब बिक्री के मामले में प्रदेश में अग्रणी रहता है।

आबकारी विभाग की सख्ती की चेतावनी
शराब की बढ़ती बिक्री के बीच आबकारी विभाग ने दुकानदारों को निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने यानी ओवररेटिंग अथवा अन्य अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर संबंधित शराब दुकान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल: क्या शराब बिक्री पर नियंत्रण है या सिर्फ राजस्व बढ़ाने पर जोर?
त्योहारों में शराब की रिकॉर्ड बिक्री निश्चित रूप से सरकारी राजस्व में बढ़ोतरी का संकेत देती है, लेकिन इसके साथ सामाजिक और पारिवारिक प्रभावों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सवाल यह है कि शराब की बढ़ती खपत के बीच आबकारी विभाग ओवररेटिंग, अवैध बिक्री और नियमों के उल्लंघन पर कितनी प्रभावी निगरानी कर रहा है?
आंकड़े बता रहे हैं कि त्योहारों में शराब की मांग तेजी से बढ़ी है, लेकिन अब निगाहें इस बात पर हैं कि आबकारी विभाग राजस्व के साथ-साथ नियमों के पालन और आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा कितनी गंभीरता से करता है।



