रायपुर सबसे स्वच्छ शहर… लेकिन सड़कों पर कचरे का अंबार! आखिर किस आधार पर मिला स्वच्छता का तमगा?
स्वच्छता के दावों और जमीनी हकीकत में कितना अंतर? महापौर ने भी कहा—अवार्ड नहीं, नागरिक संतुष्टि जरूरी!

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को स्वच्छता के मामले में प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किए जाने के बाद अब शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। एक तरफ पुरस्कार और उपलब्धियों का जश्न मनाया जा रहा है, तो दूसरी तरफ शहर के कई इलाकों में सड़कों, चौक-चौराहों और नालियों में फैला कचरा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है।
सवाल यह है कि क्या सिर्फ पुरस्कार मिलने से शहर स्वच्छ हो जाता है? क्या स्वच्छता का मूल्यांकन कागजों और सर्वेक्षणों के आधार पर होगा या फिर आम नागरिकों को दिखाई देने वाली जमीनी स्थिति के आधार पर?
रायपुर में प्रतिदिन लगभग 750 टन कचरा निकलने का अनुमान है। ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी बड़ी मात्रा में निकलने वाले कचरे का व्यवस्थित निष्पादन और नियमित सफाई आखिर कितनी प्रभावी तरीके से हो रही है?
महापौर के बयान ने भी खड़े किए सवाल
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि उनके लिए अवार्ड से ज्यादा नागरिकों की संतुष्टि महत्वपूर्ण है। यदि नागरिक संतुष्ट नहीं हैं तो पुरस्कार का कोई विशेष महत्व नहीं है। लेकिन सवाल यह है कि जब शहर के अलग-अलग इलाकों में गंदगी की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कौन कर रहा है?

तीन पूर्व महापौरों ने भी उठाए सवाल
शहर के तीन पूर्व महापौरों ने भी स्वच्छता के वास्तविक मूल्यांकन और निगरानी व्यवस्था को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की हैं। ऐसे में सवाल और गंभीर हो जाता है कि आखिर नगर निगम की सफाई व्यवस्था में ऐसी कौन सी कमी है, जो पुरस्कार मिलने के बावजूद शहर की सड़कों पर दिखाई दे रही है?
आखिर जिम्मेदार कौन?
जब सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, सफाई कर्मचारियों की तैनाती है, कचरा उठाने के लिए वाहन हैं और अधिकारियों की पूरी व्यवस्था मौजूद है, तो फिर शहर के कई हिस्सों में कचरे का ढेर क्यों दिखाई देता है?
क्या सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग हो रही है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों और ठेका एजेंसियों की जवाबदेही तय की जा रही है? क्या वार्डों में सफाई व्यवस्था का वास्तविक निरीक्षण किया जा रहा है?
अमन प्रकाश न्यूज़ का सवाल
रायपुर को सबसे स्वच्छ शहर घोषित करने से पहले क्या उन गलियों और वार्डों का भी वास्तविक निरीक्षण किया गया, जहां आज भी नागरिक गंदगी और बदबू से परेशान हैं?
आखिर रायपुर को स्वच्छ शहर बनाने का दावा करने वाला नगर निगम जनता को साफ-सफाई की गारंटी कब देगा? पुरस्कार की चमक से ज्यादा जरूरी है जनता को स्वच्छ वातावरण देना।
क्योंकि स्वच्छता का असली प्रमाण पुरस्कार नहीं, शहर की साफ सड़कें और संतुष्ट नागरिक होते हैं!



