मोदी का मेधा पाटकर से निशाना
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता नर्मदा प्रोजेक्ट का विरोध करने वाली महिला के कंधे पर हाथ रख कर यात्रा कर रहे हैं।

एम.डी. आरिफ की रिपोर्ट………
सुरेंद्रनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन गुजरात में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की बात का जवाब दिया और लगातार दूसरे दिन मेधा पाटकर का मुद्दा उठाया। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस नेता ऐसी महिला के साथ पदयात्रा कर रहे हैं, जिसने गुजरात को देश और पूरी दुनिया में बदनाम करने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता नर्मदा प्रोजेक्ट का विरोध करने वाली महिला के कंधे पर हाथ रख कर यात्रा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने मधुसूदन मिस्त्री के औकात वाले बयान को मुद्दा बनाया और लोगों को भावनात्मक मैसेज देने का प्रयास किया। सुरेंद्रनगर में सोमवार की सभा में मोदी ने कहा- मैं तो जनता का सेवक हूं, मेरी औकात ही क्या है। गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री ने कहा था कि चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी को औकात दिख जाएगी।
सुरेंद्रनगर में प्रधानमंत्री ने कहा- कांग्रेस वाले कहते हैं कि मोदी को औकात दिखा देंगे। अहंकार है भाइयों अहंकार, मोदी को औकात दिखा देंगे। अरे माई-बाप आप तो राज परिवार से हैं, मैं तो एक सामान्य परिवार की संतान हूं। मेरी कोई औकात नहीं है। तुम मेरी औकात मत दिखाओ। मैं तो सेवादार हूं, नौकर हूं, सेवादार की कोई औकात नहीं होती है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने पिछले दिनों तेलंगाना में कहा था कि विपक्षी पार्टियां उनको जी भर के गालियां देती हैं और उन गालियों से उनको ऊर्जा मिलती है। उन्होंने सुरेंद्रनगर में भी इस बात को दूसरी तरह से कहा।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- तुमने मुझे नीच कहा, नीची जाति का कहा। तुमने मौत का सौदागर कहा, गंदी नाली का कीड़ा कहा। तुम औकात बताने की बात कह रहे हो, हमारी कोई औकात नहीं है। मेहरबानी करके विकास के मुद्दे की चर्चा करो। विकसित गुजरात बनाने के लिए मैदान में आओ। औकात बनाने का खेल छोड़ दो भाई। प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा कि जो लोग सत्ता से बाहर किए जा चुके हैं, वे यात्रा के जरिए वापसी करना चाहते हैं।



