कांग्रेस अग्निवीर योजना खत्म करेगी – प्रियंका गाँधी
अपनी रैली से पहले प्रियंका ने कांगड़ा के मशहूर शक्तिपीठ ज्वालाजी जाकर पूजा अर्चना की।

एम.डी. आरिफ की रिपोर्ट …….
शिमला। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रचार में बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा है कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो वह चार साल के लिए सैनिकों की भर्ती की अग्निवीर योजना को समाप्त करेगी। प्रियंका ने शुक्रवार को कांग्रेस की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में यह वादा किया। गौरतलब है कि शुक्रवार को ही उत्तराखंड के 20 साल एक नवयुवक ने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए खुदकुशी कर ली थी। अपनी रैली से पहले प्रियंका ने कांगड़ा के मशहूर शक्तिपीठ ज्वालाजी जाकर पूजा अर्चना की।
बहरहाल, प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल प्रदेश की अपनी तीसरी रैली में भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार को जम कर निशाना बनाया। प्रियंका ने कांगड़ा के नगरोटा-बगवां में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में भाजपा के राज में पीपीई किट, पुलिस भर्ती और शिक्षक भर्ती में घोटाले हुए। उन्होंने अग्निवीर योजना को खत्म करने का वादा किया और साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का अपना वादा फिर दोहराया।
प्रियंका ने कहा- हिमाचल से बड़ी संख्या में युवा सेना में जाते है। अग्निवीर ने युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरा है। जो युवा अग्निवीर में भर्ती होंगे, उनमें से भी अधिकतर चार-पांच साल बाद घर पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर अग्निवीर भर्ती योजना को बंद किया जाएगा। प्रियंका गांधी ने कहा- युवाओं के रोजगार के लिए कांग्रेस पार्टी गारंटी लेकर आई है। इसलिए हम कह रहे है कि पहली कैबिनेट मीटिंग में एक लाख युवाओं की नौकरी के द्वार खोले जाएंगे। पांच साल में पांच लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और सरकारी विभागों में खाली पड़े 63 हजार पद भरे जाएंगे।
प्रियंका ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा दोहराया। उन्होंने कहा- सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट में पुरानी पेंशन योजना बहाली पर फैसला होगा। ये हमारी गारंटी है। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मोदी सरकार न नौजवानों को रोजगार दे सकती है और न ही कर्मचारियों को पेंशन, लेकिन एक के बाद एक कई सार्वजनिक क्षेत्र के बोर्ड-निगम बेच सकती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार उद्योगपतियों के 10 लाख करोड़ के कर्ज माफ कर सकती है लेकिन कर्मचारियों को पेंशन नहीं दे सकती। उन्होंने कहा- हम राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पेंशन दे रहे है।



