बिजली कंपनियों के मुख्यालय पर बिजली अभियंताओं का धरना प्रदर्शन, सात मांगों को लेकर कर रहे आंदोलन
मध्य प्रदेश विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ द्वारा कंपनी मुख्यालय पर आज धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। अभियंता सात सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो ज्ञापन के बाद 21 अक्टूबर को एक दिवसीय कार्य बहिष्कार होगा।

जबलपुर । मध्य प्रदेश विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ द्वारा कंपनी मुख्यालय पर आज धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। अभियंता सात सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। संघ के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर अशोक जैन ने बताया कि विगत 15 सितंबर से आंदोलन का शंखनाद कर दिया गया है, जिसके तहत प्रदेश में बिजली कम्पनियों के जबलपुर, इंदौर और भोपाल मुख्यालयों पर जूनियर एवं सहायक इंजीनियर एकत्रित होकर मांगों के समर्थन में धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके पश्चात कंपनियों के प्रबंध निदेशक के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष डीके चतुर्वेदी चतुर्वेदी एवं संयुक्त सचिव इंजी एमएम पांडेय ने बताया कि जबलपुर मुख्यालय पर ज्ञापन कार्यक्रम में जनरेटिंग कंपनी, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी और मप्र पावर मैनेजमेंट कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों से कनिष्ठ यंत्री एवं सहायक यंत्री पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
जबलपुर मुख्यालय पर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर अशोक जैन एवं कार्यालयीन सचिव जीतेंद्र वर्मा कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। संघ के जोनल सचिव राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि इन मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो ज्ञापन के बाद 14 से 18 अक्टूबर तक वर्क टू रूल, 21 अक्टूबर को एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया जाएगा। यदि फिर भी मांगों का निराकरण नहीं होता है तो 25 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार होगा। केके असाटी, स्वर्ण सिंह मनकुटिया, जेए शास्त्री , अर्जुन सिंह, एनपी सिंह, धीरेन्द्रन कुशवाहा, सतीश कुमार, उदय कुमार, समरेश कुमार, सक्षेप पवार, संजय तिवारी, एम.पी. विश्वषकर्मा, राजेश श्रीवास्तव ने उपस्थति की अपील की है।
ये हैं मांगें :
कंपनी में सहायक अभियंता के रिक्त पदों पर कनिष्ठ अभियंता/वरिष्ठ सहायक अभियंता को वरिष्ठता के आधार पर सहायक अभियंता एवं कार्यपालन अभियंताओं के रिक्त पदों पर पदोन्नति/करंट चार्ज दिये जाये, 2018 के पश्चात् भर्ती कनिष्ठ यंत्रियों को समान वेतन एवं समान ग्रेड पे दिये जाने, सहायक अभियंता की नवीन भर्ती पर रोक लगाई जाये तथा रिक्त पदों को करंट चार्ज/पदोन्नति से भरे जाएं तथा नई भर्ती कनिष्ठ अभियंता के पद पर की जाये तथा संविदा कनिष्ठ अभियंता को नियमित किया जाये, कनिष्ठ अभियंता नियमित व संविदा/वरिष्ठ सहायक अभियंता को जारी अकारण शोकाज/चार्ज शीट समाप्त किए जाएं एवं प्रताड़ना पर रोक लगाई जाये, सभी बिजली कंपनियों में समान कार्य प्रणाली एवं पदनाम समान रखे जाये, कनिष्ठ अभियंता नियमित व संविदा/वरिष्ठ सहायक यंत्रियों के विरुद्ध धारा 304 के तहत प्रकरण दर्ज किये जा रहे हैं जिस पर रोक लगाई जाए।



