गहलोत के करीबी तीन दिग्गजों को पार्टी का नोटिस, चढ़ा सियासी पारा
इस घटनाक्रम को लेकर सीएम गहलोत के करीबी माने जाने वाले मंत्री शांति धारीवाल और महेश जोशी समेत आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेन्द्र राठौड़ को कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया है।

- एम.डी. आरिफ की रिपोर्ट
जयपुर | सीएम पद को लेकर राजस्थान में गरमाई राजनीति में और उबाल आ गया है। जयपुर में रविवार रात को हुए हंगामे के बाद कांग्रेस के आलाकमान ने सीएम गहलोत को तो क्लीन चिट दे दी है। वहीं, दूसरी ओर इस घटनाक्रम को लेकर सीएम गहलोत के करीबी माने जाने वाले मंत्री शांति धारीवाल और महेश जोशी समेत आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेन्द्र राठौड़ को कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया है।
कांग्रेस सरकार में तीन दिग्गज नेताओं को ये नोटिस मिलने के बाद राजस्थान का सियासी और चढ़ गया है। नोटिस के मसले पर विधायक संयम लोढ़ा ने कहा है कि गलत फीडबैक के आधार पर नोटिस दिए गए हैं। नोटिस की भाषा से ही समझ आ रहा है किस तरह का फीडबैक आलाकमान को दिया गया है।
वहीं दूसरी ओर, राजस्थान के तीन नेताओं को मिले नोटिस पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि, मेरी अशोक गहलोत से बात हुई है। वहां पर्यवेक्षक गए थे, बैठक बुलाई गई थी। जिनमें तीन-चार नेताओं ने अनुशासनहीनता की। जिसके कारण ही उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
राजस्थान में सीएम कुर्सी की जंग के बीच आज सीएम अअशोक गहलोत दिल्ली पहुंच गए है। आज सीएम गहलोत के सोनिया गांधी से मुलाकात की जानकारी सामने आई है। वहीं, पूर्व सीएम सचिन पायलट वहां पहले से ही मौजूद हैं।



