रायपुर: शाला प्रवेशोत्सव में हंगामा, ABVP कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

रायपुर, 3 जुलाई। राजधानी रायपुर के धरसींवा स्थित गिरजाशंकर मिश्रा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान विवाद और हंगामे का मामला सामने आया है। कार्यक्रम के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है।
प्राप्त FIR के अनुसार, विद्यालय में 2 जुलाई को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शिकायत में कहा गया है कि कुछ ABVP कार्यकर्ता ऑडिटोरियम की मांग को लेकर विद्यालय पहुंचे थे। प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद उन्होंने विद्यालय परिसर में नारेबाजी की थी।

FIR में उल्लेख है कि 3 जुलाई को भी कुछ कार्यकर्ता दोबारा विद्यालय पहुंचे और कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी करते हुए विद्यालय भवन के भीतर प्रवेश कर गए। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यालय में लगे अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) को निकालने का प्रयास किया। विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा रोकने पर धक्का-मुक्की एवं विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों एवं महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों के साथ भी बहस और धक्का-मुक्की की। घटना से कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं, ABVP ने पूरे मामले में अलग पक्ष रखा है। परिषद का आरोप है कि वह छात्रहित, विद्यालय में कथित भ्रष्टाचार की जांच तथा खराब फायर एक्सटिंग्विशर के संबंध में ज्ञापन देने पहुंची थी। ABVP का कहना है कि खराब अग्निशमन यंत्र को साक्ष्य के रूप में लेने के दौरान कुछ शिक्षकों ने उसे छिपाने का प्रयास किया, जिसके कारण विवाद की स्थिति बनी। परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के मंच से कार्यकर्ताओं को “गुंडा” कहे जाने के बाद नारेबाजी शुरू हुई।
ABVP के अनुसार, इसके बाद परिषद और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने कई ABVP कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने विद्यालय प्रशासन की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। FIR में कुछ नामजद व्यक्तियों एवं अन्य साथियों का उल्लेख किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच शाला प्रवेशोत्सव का कार्यक्रम विवादों में आ गया है और मामले की जांच जारी है।



