4. पेट्रोलिंग पर निकले थे BSF के 2 जवान, IED बम ब्लास्ट में हुए घायल

छत्तीसगढ़ में आज दर्दनाक हादसा हो गया. कांकेर जिले में आईईडी की चपेट में आने से बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए. बताया जा रहा है कि दोनों जवान एरिया डोमिनेशन में निकले थे. घायल दोनों जवानों को कोयलीबेड़ा अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कर दोनों जवानों को हेलिकॉप्टर से रायपुर रेफर कर दिया गया. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि ब्लास्ट के बाद किसी तरह दोनों जवानों ने अपने कैंप में इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर पहुंचीं बीएसएफ की टीम दोनों को कोयलीबेड़ा अस्पताल ले गई. यहां प्राथमिक उपचार कर जवानों को हेलिकॉप्टर से रायपुर रेफर कर दिया गया.
एसपी ने बताया कि दोनों जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है. उनके चेहरे और पैर में गंभीर चोट आई है. फिलहाल घटनास्थल के पास में जांच-पड़ताल की जा रही है और देखा जा रहा है कि कहीं नक्सलियों ने और आईईडी प्लांट तो नहीं कर रखी है. बीते सोमवार को बीजापुर जिले में भी एक आईईडी ब्लास्ट हुआ था. इस ब्लास्ट में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के सहायक प्लाटून कमांडर शहीद हो गए थे. हादसे के बाद टीम ने इलाके में सर्च अभियान चलाया था.
IED बम ब्लास्ट से जवान हुआ शहीद
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सशस्त्र बल की टीमें कुछ इलाकों में सर्च अभियान पर निकली थीं. इसी दौरान असिस्टेंट प्लाटून कमांडर विजय यादव का पैर अचानक प्रेशर आईईडी बम पर पड़ गया, जिससे बम फट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.



