राजनीतिराष्ट्रीय

शिवपुरी में पंचायत मंत्री सिसोदिया बोले-भ्रष्टाचार मिटाने में आठ तो क्या अस्सी साल भी लग सकते हैं

एक सरपंच गोलू यादव ने भ्रष्टाचार मिटाने के संबंध में सरकार की बयानबाजी पर कटाक्ष करते हुए यह कहा कि आठ साल हो गए हैं, आखिर भ्रष्टाचार कब मिटेगा तो मंत्री ने कहा कि आठ साल नहीं अस्सी साल भी लग सकते हैं।

शिवपुरी। ग्वालियर में केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए शुक्रवार को मप्र के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया ने शिवपुरी के स्नेह बिहारी गार्डन में सरपंचों, सचिव व रोजगार सहायकों की बैठक ली। बैठक में उस समय अजब स्थिति बन गई जब एक सरपंच गोलू यादव ने भ्रष्टाचार मिटाने के संबंध में सरकार की बयानबाजी पर कटाक्ष करते हुए यह कहा कि आठ साल हो गए हैं, आखिर भ्रष्टाचार कब मिटेगा तो मंत्री ने कहा कि आठ साल नहीं अस्सी साल भी लग सकते हैं।

– अधिकारियों पर सरपंच के आरोप पर बोले- स्वार्थ पूरा करने भगवान पर भी तो प्रसाद चढ़ाते हो न

बैठक की शुरुआत में ही ग्राम पंचायत रांची के सरपंच प्रतिनिधि गोलू यादव ने कहा कि छह माह हो गए हैं। छह रुपया का भी काम नहीं किया है, बताओ हम करें तो क्या करें? अधिकारियों की तरफ इशारा करते हुए यहां तक कहा कि इन्हें झोला भर-भर कर रूपया देते हैं, फिर भी सुनवाई नहीं होती। गोलू की बात पर मंत्री ने उसी से उल्टा सवाल पूछ लिया कि आप मंदिर पर प्रसाद चढ़ाते हो या नहीं। इस पर गोलू ने जबाब दिया कि हां चढ़ाते हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि वहां इसलिए प्रसाद चढ़ाते हो क्योंकि आपका स्वार्थ है, वही स्थिति यहां पर है।

बैनर पर सीएम और सिंधिया के फोटो न होने पर बिफरे सरपंच

इधर शिवपुरी जनपद पंचायत अंतर्गत मानस भवन में आयोजित पंचायत मंत्री की पंचायत में मंच पर लगाए गए बैनर पर अधिकारियों ने क्षेत्रीय विधायक यशोधरा राजे और पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया सहित नीचे की तरफ जिपं अध्यक्ष नेहा यादव व जपं अध्यक्ष हेमलता रावत का फोटो लगा दिया। इस बार पर गूगरीपुरा के सरपंच व जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता रावत के पति रघुवीर रावत ने बैनर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का फोटो न होने पर आपत्ति दर्ज करवाई। उन्होंने जनपद पंचायत के प्रभारी सीईओ दौलत सिंह को जबाव तलब करते हुए कहा कि यह बैनर जिसने भी लगवाया है, उसकी जानकारी जुटा कर उचित कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button