हनुमान वाटिका अंतर्गत पहलवान वाटिका में 2 एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग, कार्रवाई की मांग तेज

रायपुर। जोन क्रमांक 06 के वार्ड क्रमांक 61 स्थित हनुमान वाटिका अंतर्गत पहलवान वाटिका क्षेत्र में लगभग 2 एकड़ भूमि पर कथित रूप से अवैध प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बिना आवश्यक अनुमति एवं नियमानुसार विकास कार्यों के भूखंडों की बिक्री की जा रही है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, लंबे समय से चल रही इस प्लाटिंग गतिविधि के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि इस पूरे मामले को कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों एवं कथित असामाजिक तत्वों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि भूमि के दस्तावेजों, डायवर्सन, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग तथा नगर निगम की स्वीकृतियों की जांच कराई जाए। साथ ही यदि प्लाटिंग अवैध पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

नागरिकों का कहना है कि अवैध प्लाटिंग से भविष्य में सड़क, नाली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे खरीदारों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।




