रायपुर नगर निगम में ‘आप’ का हल्लाबोल: जोन-07 की बदहाली पर कमिश्नर को अंतिम वैधानिक चेतावनी
24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो होगी तालाबंदी, उग्र आंदोलन की चेतावनी

आम आदमी पार्टी ने रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-07 में व्याप्त गंदगी, भ्रष्टाचार और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष (सोशल मीडिया) मिथलेश साहू के नेतृत्व में निगम कमिश्नर को एक “अंतिम वैधानिक चेतावनी” एवं विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा गया।
मीडिया से चर्चा करते हुए मिथलेश साहू ने निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 4 मई को वार्ड क्रमांक 22, 36 और 25 की नारकीय स्थिति को लेकर शिकायत दी गई थी, लेकिन 14 दिनों बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम अधिकारियों की यह चुप्पी जनता के स्वास्थ्य के प्रति उनकी संवेदनहीनता और गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि “घोर आपराधिक उपेक्षा” का मामला है, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा मंडरा रहा है।

BNS की धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग
आप नेताओं ने चेतावनी पत्र में स्पष्ट किया कि अधिकारियों की निष्क्रियता भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 197 और धारा 271 के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती है। साथ ही छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 के तहत भी संबंधित अधिकारियों पर कदाचार की कार्रवाई की मांग की गई है।
पार्टी की प्रमुख मांगें
आम आदमी पार्टी ने निगम प्रशासन के सामने कई अहम मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं—
सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार का अनुबंध तत्काल निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।
पिछले 14 दिनों से निष्क्रिय जोन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाए।
रामनगर सब्जी मार्केट शौचालय सहित प्रभावित वार्डों में 24 घंटे के भीतर विशेष सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को कचरा मुक्त किया जाए।
“अब आर-पार की लड़ाई” — मिथलेश साहू
मिथलेश साहू ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी जोन-07 कार्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी करेगी और उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न किसी भी अप्रिय स्थिति या जन-स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों की होगी।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता श्याम शर्मा, डॉ. विजय देवांगन, प्रशांत यादव और नीलेश देवांगन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




