6. हेल्थ के लिए बहुत जरूरी होता है ब्रेकफास्ट, यहां जानें इसे करने के फायदे

अधिकतर महिलाएं सुबह के समय अपने पति और बच्चों को तो नाश्ता किए बिना ऑफिस या स्कूल जाने नहीं देतीं। लेकिन काम के दबाव में अकसर खुद नाश्ता नहीं कर पाती हैं। सिर्फ कामकाजी महिलाएं ही नहीं बल्कि घरेलू महिलाएं भी ऐसा ही करती हैं।
कुछ महिलाएं डाइटिंग के नाम पर ब्रेकफास्ट स्किप कर देती हैं। ऐसा करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। कई तरह की बीमारियां आपको घेर सकती हैं। ऐसा आपके साथ ना हो, इसके लिए जरूरी है कि नाश्ता निश्चित तौर पर करें।
दिल्ली के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की हेड डायटीशियन रितिका समद्दार कहती हैं कि नाश्ता करना बेहद जरूरी होता है। इस स्टोरी में हम आपके साथ शेयर कर रहे है डायटीशियन के साथ ब्रेकफास्ट को लेकर हुई हमारी बातचीत। जिसमें रितिका ने हमें नाश्ता करने के फायदे और इसे न करने के नुकसान के बारे में बताया है।
शरीर को मिलती है ताकत-ऊर्जा
आमतौर पर हम रात को सोने के बाद सुबह करीब 8-10 घंटे के बाद कुछ खाते हैं। याद रखें कि सुबह शरीर को अधिक कैलोरी की जरूरत होती है। नाश्ता नहीं करने की वजह से एनर्जी का लेवल घटने लगता है, जिससे किसी काम में मन नहीं लगता। इससे बचने के लिए जरूरी है कि सुबह नाश्ता जरूर करें। वैसे भी पूरे दिन के आहार में सबसे जरूरी होता है, सुबह का नाश्ता। इससे शरीर को ताकत मिलती है और आलस्य भी दूर होता है।
दिमाग बना रहता है सक्रिय
दिमाग को सुचारू रूप से चलाने के लिए ग्लूकोज की जरूरत होती है। नाश्ते से जो भी हम खाते हैं, उससे मिलने वाले ग्लूकोज, प्रोटीन और विटामिन दिमाग को शक्ति प्रदान करते हैं, इससे वो सक्रिय बना रहता है।
ब्रेकफास्ट करना क्यों जरूरी है, यह तो आपने जान लिया। अब यह भी जान लीजिए कि ब्रेकफास्ट ना करने के क्या नुकसान हो सकते हैं?
वजन कम नहीं होता
अमेरिका में हुए कई शोध बताते हैं कि सुबह नियमित तौर पर नाश्ता करने वाले लोगों का मेटाबोलिज्म रेट 3 से 4 फीसदी अधिक होता है। वहीं नाश्ता नहीं करने वाले लोगों में मेटाबोलिज्म रेट 4 से 5 फीसदी कम होता है। नाश्ता ना करने वाले लोगों में 5 किलोग्राम तक बॉडी में फैट रह जाता है, जिससे उनका वजन कम नहीं होता है।
कमजोरी महसूस होती है
भूख नहीं लगने पर भी नाश्ता इसलिए जरूरी होता है, क्योंकि नाश्ता नहीं लेने पर शारीरिक जरूरत को दिन के लंच या फिर रात के डिनर के द्वारा पूरा नहीं किया जा सकता। अकसर देखा गया है कि नाश्ता नहीं करने वालों के पेटदर्द या फिर सिरदर्द की शिकायत होने लगती है और कमजोरी महसूस होती है। इसलिए कितनी भी बिजी रहें आपको डेली अपना नाश्ता जरूर करना चाहिए।
ओवर ईटिंग से बचें
जो महिलाएं ब्रेकफास्ट नहीं करतीं, वे अकसर लंच में ओवर ईटिंग करती हैं। इस वजह से वे इतनी अधिक कैलोरी ले लेती हैं जिससे शरीर का फिट रहा पाना मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही ओवर ईटिंग करने की वजह से दिल की बीमारी होने की आशंका रहती है, क्योंकि हमारे शरीर में एक साथ काफी मात्रा में खाए गए न्यूट्रीएंट्स पचाने की ताकत नहीं होती है। इसलिए दोपहर का भोजन भूख से कम ही करना चाहिए।



