
एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे से लेकर निजी अस्पतालों तक हड़कंप मचा हुआ है। मामले में अस्पताल संचालक डॉक्टरों सहित अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच करने के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, करीब डेढ़ साल से नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त का यह कथित खेल चल रहा था। जांच में तीन महिलाओं के माध्यम से नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त किए जाने का खुलासा हुआ है। आरोपियों के तार मध्यप्रदेश, विशाखापट्टनम, ओडिशा, हैदराबाद और गुजरात तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

अस्पतालों की भूमिका पर भी उठे सवाल
मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि नवजात बच्चों को अस्पतालों में भर्ती कराने, उनके उपचार और जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब अस्पतालों के दस्तावेज, ओपीडी रजिस्टर और उपचार से संबंधित रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ मामलों में नवजात शिशुओं की वास्तविक माताओं की जानकारी और अस्पताल में दर्ज दस्तावेजों के बीच अंतर होने की आशंका है। वर्ष 2026 में हुई तीन डिलीवरी और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी होने की जानकारी भी जांच के दायरे में है।
क्या 20 से अधिक बच्चों की हुई खरीद-फरोख्त?
मामले की जांच का दायरा बढ़ने के साथ ही करीब 20 से अधिक बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त की आशंका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे और बच्चों को किन लोगों तक पहुंचाया गया।
अब बड़े सवालों के जवाब जरूरी
आखिर नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का कथित नेटवर्क इतने लंबे समय तक कैसे चलता रहा?
अस्पतालों में भर्ती और डिलीवरी के रिकॉर्ड की जांच पहले क्यों नहीं हुई?
जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में कहीं लापरवाही या मिलीभगत तो नहीं हुई?
क्या इस पूरे मामले में अन्य अस्पतालों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी सामने आएगी?
अब तक कितने नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त हुई और वे बच्चे कहां हैं?
फिलहाल पुलिस की SIT पूरे मामले की जांच कर रही है। इस कार्रवाई से उम्मीद जगी है कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के पीछे छिपे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होगा। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि मासूम बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले इस कथित गिरोह में शामिल सभी चेहरों को बेनकाब कर बच्चों को न्याय कब मिलेगा?
अमन प्रकाश न्यूज़ की नजर इस पूरे मामले की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर बनी रहेगी।



