सुन्दरनगर में चला बुलडोजर, बाकी वार्डों के अवैध निर्माण पर निगम मौन क्यों?
वार्ड 41, 42, 66, 67 और 68 में दर्जनों नोटिस जारी, फिर भी कार्रवाई का इंतजार! क्या जोन क्रमांक 5 में चल रहा है दोहरा मापदंड?

एम. डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 5 द्वारा सुन्दरनगर मुख्य मार्ग पर अनुमति के विपरीत निर्माणाधीन भवन के विरुद्ध की गई कार्रवाई ने एक बार फिर निगम की भवन अनुज्ञा और अवैध निर्माण पर कार्रवाई की व्यवस्था को चर्चा में ला दिया है। निगम की टीम ने लगभग 1200 वर्गफीट में निर्माणाधीन भवन के फ्रंट एमओएस में किए गए अतिरिक्त निर्माण को हटाने की कार्रवाई की।
नगर निगम की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संबंधित निर्माणकर्ता को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद स्वयं अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता पदमाकर श्रीवास, सहायक अभियंता नागेश रामटेके एवं उपअभियंता टिकेन्द्र चंद्राकर की उपस्थिति में कार्रवाई की गई।
लेकिन इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नगर निगम का बुलडोजर सिर्फ चुनिंदा निर्माणों पर ही चलता है?
जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 41, 42, 66, 67 और 68 में भी भवन अनुज्ञा के विपरीत निर्माण को लेकर कहीं 20, कहीं 40 तो कहीं 50 से अधिक नोटिस जारी होने की जानकारी सामने आई है। इतना ही नहीं, कुछ ऐसे भवन भी बताए जा रहे हैं जिनका निर्माण बिना अनुमति के किया गया है। इसके बावजूद इन निर्माणों पर अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

जब सुन्दरनगर में नोटिस के बाद कार्रवाई संभव है तो बाकी वार्डों में जारी नोटिसों पर कार्रवाई करने में निगम प्रशासन को आखिर परेशानी क्या है? क्या इन मामलों में कार्रवाई के लिए किसी विशेष निर्देश का इंतजार किया जा रहा है या फिर कुछ निर्माणकर्ताओं को जानबूझकर राहत दी जा रही है?
निगम प्रशासन से सीधे सवाल
वार्ड 41, 42, 66, 67 और 68 में जारी नोटिसों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
क्या सभी नोटिसों पर एक समान नियम और कार्रवाई लागू नहीं होती?
बिना भवन अनुज्ञा के निर्मित भवनों पर अब तक बुलडोजर क्यों नहीं चला?
क्या निगम प्रशासन सभी लंबित मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई करने की जिम्मेदारी लेगा?
अमन प्रकाश न्यूज़ की मुहिम
अमन प्रकाश न्यूज़ इस पूरे मामले को लेकर निगम प्रशासन से एक समान कार्रवाई की मांग करता है। सुन्दरनगर में हुई कार्रवाई स्वागत योग्य है, लेकिन कानून का पालन केवल एक-दो निर्माणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
आने वाले समय में अमन प्रकाश न्यूज़ जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत जारी किए गए एक-एक नोटिस और संबंधित निर्माणों की जानकारी सामने लाकर लंबित मामलों में संयुक्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करेगा।
सवाल साफ है—अगर नियम सबके लिए एक हैं, तो कार्रवाई भी सबके लिए एक जैसी क्यों नहीं?
नगर निगम प्रशासन को स्पष्ट करना होगा कि यह कार्रवाई की समान व्यवस्था है या फिर चुनिंदा निर्माणों पर कार्रवाई करके बाकी मामलों को ठंडे बस्ते में डालने का मामला?



