छत्तीसगढ़ के दो सितारे पहुंचेंगे दक्षिण कोरिया, रोबोटिक्स में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व!
रोबोटिक्स में छत्तीसगढ़ का परचम: पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर के दो होनहार विद्यार्थियों पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने रोबोटिक्स के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। दोनों विद्यार्थियों का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली रोबोटिक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जानकारी के अनुसार, वैदिक इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा सातवीं के विद्यार्थी पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की एलईडीजीओ लाइन फॉलोअर श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।

दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। विज्ञान और तकनीक के इस दौर में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों में विद्यार्थियों की उपलब्धियां अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।
इस अवसर पर वैदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा भी उपस्थित रहे।
दोनों विद्यार्थियों का यह चयन केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की शैक्षणिक और तकनीकी प्रतिभा का भी परिचायक है। अब सभी की निगाहें दक्षिण कोरिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां ये दोनों युवा प्रतिभाएं अपने कौशल से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की तैयारी में हैं।
अमन प्रकाश न्यूज़ की ओर से दोनों होनहार विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।

