
एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम ने संपत्ति कर की बकाया राशि वसूलने के लिए अब सख्त रुख अपना लिया है। वर्षों से टैक्स जमा नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ कुर्की वारंट जारी किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम जोन क्रमांक-8 ने 10 लाख रुपये से अधिक के बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए बड़ी कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-2 अंतर्गत टाटीबंध क्षेत्र निवासी संतोषी देवी एवं सुभाष चंद्र की संपत्ति पर वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2026-27 तक कुल 10 लाख 5 हजार 228 रुपये का संपत्ति कर बकाया है। निगम द्वारा नियमानुसार मांग सूचना जारी कर 30 दिनों का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद निगम ने कुर्की वारंट जारी कर दिया।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। वहीं, उपायुक्त राजस्व अंजलि शर्मा के मार्गदर्शन में बकाया वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।जोन 08 के सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल की कार्रवाई में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है टैक्स वसूली को लेकर पूरे तरीके से सक्रिय नजर आ रहे हैं

सीलबंद दुकान खोलकर दोबारा कारोबार, अमानाका थाने में FIR
इसी प्रकार जोन क्रमांक-8 के वीर सावरकर नगर क्षेत्र में भी संपत्ति कर जमा नहीं करने वाले बकायादार के खिलाफ निगम ने सख्ती दिखाई। संबंधित संपत्ति पर डिमांड नोटिस और कुर्की वारंट की तामिली के बाद टैक्स जमा नहीं करने पर दुकान को सीलबंद किया गया था।
लेकिन आरोप है कि संपत्ति मालिक ने बिना सक्षम अनुमति के दूसरा दरवाजा खोलकर दोबारा व्यवसाय शुरू कर दिया। इस मामले में नगर निगम ने अमानाका थाने में संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
निगम की कार्रवाई से उठे कई सवाल
नगर निगम की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि अब लंबे समय से संपत्ति कर जमा नहीं करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। हालांकि सवाल यह भी है कि वर्षों तक लाखों रुपये का टैक्स बकाया रहने के बावजूद समय रहते प्रभावी वसूली क्यों नहीं की गई? क्या निगम की राजस्व शाखा नियमित रूप से बकायादारों की निगरानी कर रही थी?
अब देखना होगा कि नगर निगम केवल कुछ बड़े बकायादारों पर कार्रवाई तक सीमित रहता है या फिर शहर के सभी बड़े टैक्स बकायादारों से भी इसी तरह सख्ती से वसूली की जाएगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब आम नागरिक से छोटे-छोटे बकाये पर भी निगम सख्ती करता है, तो लाखों रुपये के बकायादारों पर कार्रवाई में इतनी देर क्यों होती है?
अमन प्रकाश न्यूज़ की नजर नगर निगम की राजस्व वसूली और कार्रवाई पर बनी रहेगी।



