Uncategorized

घड़ी चौक स्थित शहीद वीरनारायण सिंह परिसर का औचक निरीक्षण, दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त श्री सबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम उपायुक्त (राजस्व) डॉ. अंजलि शर्मा ने सोमवार को जोन क्रमांक-4 अंतर्गत वार्ड क्रमांक-46 स्थित घड़ी चौक के शहीद वीरनारायण सिंह व्यावसायिक परिसर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की जांच करते हुए संबंधित संपत्तिधारक को तीन दिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेज नगर निगम में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समयावधि में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में निगम अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा ने जोन-4 कार्यालय में राजस्व वसूली कार्यों की समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में उन्होंने राजस्व अमले को वसूली अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए प्रतिदिन कम से कम 40 डिमांड नोटिस वितरित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शहर के अधिकाधिक संपत्तिधारकों को 30 जून 2026 तक उपलब्ध 6.25 प्रतिशत संपत्तिकर छूट योजना का लाभ दिलाया जाए। इसके साथ ही जोन क्षेत्र के बकायादारों तथा ब्लॉक प्रॉपर्टी से जुड़े प्रकरणों में तत्काल नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि निगम की राजस्व वसूली को मजबूत बनाने तथा करदाताओं को निर्धारित समय सीमा में कर भुगतान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करते हुए राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

Related Articles

Back to top button