8. क्या आपको भी गर्मियों के मौसम में बिना काम किए महसूस होती है थकान? जानें इसके कारण और बचाव के उपाय

हर मौसम का प्रभाव शरीर पर देखने को मिलता है। आपने खुद इस बात को नोटिस किया होगा कि जैसे-जैसे गर्मियों में तापमान बढ़ता है लोगों को थकान व कमजोरी महसूस होने लगती है। कुछ लोग तो गर्मियोंं की दोपहर में थकान की वजह से थोड़े समय की नींद अवश्य लेते हैं। ऐसे में अधिकतर लोगों के मन में सवाल उठता है कि बिना काम किए थकान और आलस क्यों बना रहता है। दरअसल, डॉक्टर के अनुसार शरीर में होने वाले कई बदलाव इस थकान की वजह माने जा सकते हैं। गर्मियों के मौसम में तापमान बढ़ने पर शरीर को ठंडा रखने के लिए अंदरूनी तंत्र को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। यही एक बड़ा कारण है कि लोगों को बिना शारीरिक काम के भी थकान महसूस होने लगती है।
साथ ही, डॉक्टर बताते हैं कि गर्म वातावरण के अनुसार बॉडी अपने टेम्परेचर को मेंटेन करती है। जब तापमान अधिक हो जाता है तो ऐसे में शरीर के थर्मोरेगुलेशन प्रक्रिया पर दबाव पड़ता है। जिसकी वजह से यह प्रतिक्रिया महसूस होती है।
गर्मियों में शरीर में किन बदलावों की वजह से थकान महसूस होती है?
गर्मियों के दौरान शरीर बाहरी गर्मी को नियंत्रित करने के लिए थर्मोरेगुलेशन प्रक्रिया से गुजरता है। क्लिवलैंड क्लिनिक के अनुसार इस प्रक्रिया में व्यक्ति को अत्यधिक पसीना आता है, ब्लड सर्कुलेशन तेजी से स्किन की ओर फ्लो करता है। साथ ही, दिल की धड़कनें भी तेज हो जाती हैं। इस प्रक्रिया में तेजी से एनर्जी खर्च होती है, जिसकी वजह से व्यक्ति को थकान महसूस होने लगती है।
गर्मियों में थकान महसूस होने के कारण
पानी की कमी होना (डिहाइड्रेशन)
मेयोक्लिनिक के अनुसार पसीना अधिक आने की वजह से शरीर में पानी की कमी महसूस हो सकती है, यदि यह स्थिति बनी रहे तो ऐसे में व्यक्ति को थकान महसूस होने लगती है। ऐसे में चक्कर आना भी एक आम लक्षण माना जाता है।
इलैक्ट्रॉलाइस की कमी
पसीने के साथ आपके शरीर के इलैक्ट्रॉलाइट्स की कमी हो सकती है। एनसीबीआई के अनुसार इलैक्ट्रॉलाइस के जरिए जब शरीर में पोटेशियम, मैग्नीशियमऔर कैल्शियम की मात्रा असंतुलित होती है तो इससे शरीर में थकान महसूस होने लगती है।
हीट स्ट्रेस और मानसिक थकान
लगातार गर्मी में रहने से शरीर और दिमाग दोनों थक जाते हैं। दरअसल, गर्मी की वजह से पसीना निकलने से दिल की धड़कनें भी प्रभावित होती हैं। जिसका संबंध आपके मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। ऐसे में व्यक्ति को चिड़चिड़ापन और मानसिक थकान महसूस होती है।
गर्मियों में थकान से बचने के उपाय
- सुबह के समय योग और हल्की एक्सरसाइज कर सकते हैं। इससे आप एक्टिव रहते हैं।
- इलैक्ट्रॉलाइट्स को संतुलित मात्रा में लें। इसके लिए आप तरबूज, केला आदि फलों का सेवन कर सकते हैं।
- डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
- यदि आवश्यक हो, तभी दोपहर में बाहर निकलें।
- अगर, संभव हो तो दिन में 10 से 15 मिनट की नींद अवश्य लें।
गर्मियों के मौसम में थकान होना एक आम बात है। हर व्यक्ति की शारीरिक क्षमताएं अलग-अलग होती हैं। ऐसे में यदि आपको भी थकान महसूस होती है तो आप लाइफस्टाइल में कुछ जरूरी बदलाव कर सकते हैं। जिससे आपकी थकान दूर होने में मदद मिलेगी।



