Uncategorized

महापौर मीनल चौबे का बड़ा फैसला, शहरभर में ठेला कारोबारियों का होगा सत्यापन!

रायपुर में ठेला कारोबारियों पर निगम की सख्ती, अब होगा घर-घर सत्यापन
रायपुर में ठेला और मेटाडोर लगाकर कारोबार करने वालों पर अब नगर निगम की पैनी नजर रहेगी। शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला लिया है।

महापौर मीनल चौबे ने टाउन प्लानिंग विभाग को साफ निर्देश दिए हैं कि राजधानी में सड़क किनारे कारोबार करने वाले सभी ठेला व्यवसायियों का अनिवार्य पंजीकरण और भौतिक सत्यापन किया जाए।


निगम की टीम अब वार्ड स्तर पर सर्वे करेगी। कारोबारियों से नाम, स्थायी पता, पहचान पत्र, वर्तमान निवास और व्यवसाय स्थल की पूरी जानकारी ली जाएगी। जिन लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाएंगे या निगम रिकॉर्ड में जानकारी नहीं मिलेगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ठेले जब्त किए जाएंगे।
महापौर ने दो टूक कहा कि स्थानीय मेहनतकश व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी, लेकिन व्यापार की आड़ में बिना पहचान शहर में रहने वाले संदिग्ध तत्वों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुख्य सड़कों और बाजारों में यातायात बाधित करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
महापौर ने आम जनता से अपील की है कि शहर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत निगम प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत बनाई जा सके।

Related Articles

Back to top button