5. महिला ने की आत्महत्या की कोशिश, अस्पताल में ससुराल और मायका पक्ष भिड़े, हॉस्पिटल में दो थानों की पहुंची पुलिस

रायपुर: राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना अंतर्गत रिंग रोड पर स्थित एक निजी हॉस्पिटल में गुरुवार देर रात एक महिला को एमरजेंसी हालत में लाया गया. अस्पताल में परिजनों ने ये बताया कि महिला ने आत्महत्या की कोशिश की. आनन फानन में महिला का इलाज शुरू किया गया.
अस्पताल में ससुराल और मायका पक्ष के बीच मारपीट
अस्पताल में महिला के इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर बाद पीड़ित महिला के ससुराल और मायका दोनों पक्षों में अस्पताल में ही जमकर मारपीट और बहस हो गई. हालत ये हो गई कि अस्पताल स्टाफ की सूचना पर कोतवाली और टिकरापारा दो थानों की पुलिस को आना पड़ा. ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की. वहीं मायका पक्ष का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे फांसी पर चढ़ा दिया.
पड़ोसियों और परिजनों से जानिए पूरा मामला
महिला की मौसी नसीम खातून ने बताया कि शादी के बाद से ही पति औऱ ससुराल वाले उसे परेशान करते थे. भतीजी का पति नशे का आदि है और हर रोज महिला के साथ मारपीट और लड़ाई करता है. कई बार इस मामले की शिकायत टिकरापारा और महिला थाने में उन्होंने की है.
नसीम खातून ने आगे बताया “गुरुवार की रात उनके रिलेशन में किसी के घर में शादी हो रही थी. लेकिन लड़की की तबीयत 2 दिन से खराब चल रही थी. पति ने पत्नी को शादी में चलने की जिद की, लेकिन तबीयत खराब होने के बाद पत्नी ने मना कर दिया. इसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ. पति ने अपनी पत्नी को फांसी पर चढ़ा दिया.”
पीड़ित महिला की सास शमा परवीन ने बताया “हमारी बहू बच्चे को तैयार कर रही थी. तभी वह एक बच्चे को डांटने लगी, ये सुनते ही उसके बेटे ने पत्नी को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद मेरे बेटे ने अपनी पत्नी को शादी में जाने के लिए कहा तो उसकी पत्नी ने मना कर दिया. इसके बाद हम शादी में चले गए. घर में पति पत्नी और बच्चे थे.”
अस्पताल में पुलिस तैनात
कोतवाली ACP दीपक मिश्रा ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टर के मुताबिक महिला को वेंटिलेटर में रखा गया है. डॉक्टर के द्वारा पीड़ित महिला के क्रिटिकल कंडीशन होने की बात बताई गई. जिसके बाद मायका और ससुराल पक्ष दोनों में विवाद और मारपीट की स्थिति बनी. शांतिपूर्ण तरीके से दोनों पक्षों को अस्पताल के आसपास से हटने के लिए कहा है.. इस मामले में जो भी वैधानिक कार्यवाही होगी, उसके लिए टिकरापारा थाने को निर्देशित किया गया है.
ACP ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से महिला के पति इरशाद खान को पुलिस ने अपनी निगरानी में रखा है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो. परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



