6. पाकिस्तानी युवक की हत्या मामले में 2 नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार, गर्लफ्रेंड को परेशान करने पर दफनाया था जिंदा

रायपुर: रायपुर जिले के अभनपुर थाना अंतर्गत 21 मार्च को पुलिस को एक डेडबॉडी की सूचना मिली थी. डेडबॉडी नितेश बत्रा की बताई गई जो कि पाकिस्तानी मूल का नागरिक था. इसके बाद अभनपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल की जांच के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की. जिसमें पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी.
रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने बताया जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक नितेश बत्रा की गुमशुदा की रिपोर्ट माना थाने में दर्ज कराई गई थी. जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी श्याम सुंदर सोनी को हिरासत में लिया गया, उससे पूछताछ की गई तो उसने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की.
बेहोशी की हालत में मुरुम खदान में दबाया
आरोपी श्याम सुंदर सोनी ने बताया कि सावित्री साहू के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था. 16 मार्च की रात श्याम सुंदर सोनी सावित्री साहू के घर माना गया था. जहां पहले से नितेश बत्रा सावित्री साहू के घर के बाहर खड़ा था. इसी बात को लेकर नितेश बत्रा और आरोपी श्याम सुंदर सोनी के बीच विवाद हुआ. आरोपी श्याम सुंदर सोनी, नितेश से यह बोलकर विवाद करने लगा कि “तुम मेरी प्रेमिका को परेशान करते हो.” इसके बाद आरोपी ने लकड़ी से नितेश के सिर पर कई बार वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया. श्याम सुंदर सोनी ने अपने दो साथियों की मदद से बेहोशी की हालत में ऑटो में बिठाया और भारेंगाभाटा के पास मुरूम खदान में ले जाकर दफना दिया.
सदानी दरबार का रहने वाला 29 साल का मृतक नितेश बत्रा ठेकेदारी का काम करता था. आरोपी श्याम सुंदर सोनी की माना में सब्जी की दुकान है.
प्रेम प्रसंग में हत्या, घटना में दो नाबालिग भी शामिल
रायपुर ग्रामीण एसपी ने बताया कि नितेश बत्रा की हत्या आरोपियों ने प्रेम प्रसंग के चलते की थी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और जिंदा दफनाने से हुई है. पुलिस ने आरोपी श्याम सुंदर सोनी के साथ ही उसकी गर्लफ्रेंड सावित्री साहू, आरोपी सुमित कोसले के साथ ही 2 नाबालिग आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑटो, लकड़ी और अन्य सामान जब्त किया है. इस पूरे मामले में अभनपुर पुलिस BNS की धारा 103 के साथ ही कई धाराओं के तहत कार्रवाई की है.



