Uncategorized

भाजपा से वापस लौटे पार्षद ने लगाए अपहरण का आरोप?

 

एम. डी. आरिफ की रिपोर्ट…

नई दिल्ली। भाजपा में शामिल होने के एक हफ्ते के भीतर आम आदमी पार्टी में वापस लौटे निगम पार्षद राम चंदर ने भाजपा के ऊपर बड़े आरोप लगाए हैं। उन्होंने भाजपा के ऊपर अपहरण का आरोप लगाया है। राम चंदर ने रविवार, एक सितंबर को एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ लोग उन्हें घर से अगवा करके ले गए थे। उनके बेटे ने भी कहा कि भाजपा के नेता उनके पिता से मिलने आए थे।

राम चंदर ने वीडियो में बताया है कि जब उनके बेटे और आम आदमी पार्टी के सीनियर नेताओं ने पुलिस को कॉल किया तब भाजपा के लोग उन्हें वापस घर छोड़ कर गए। राम चंदर ने कहा है- भाजपा ने मुझे ईडी और सीबीआई केस में फंसाने की धमकी देकर किडनैप किया था। आम आदमी पार्टी के नेताओं संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और दिल्ली नगर निगम के प्रभारी दुर्गेश पाठक ने राम चंदर के वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा पर कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया।

गौरतलब है कि दिल्ली के वार्ड नंबर 28 से निगम पार्षद राम चंदर 28 अगस्त को भाजपा में शामिल हुए थे। चार दिन बाद ही वे वापस आम आदमी पार्टी में आ गए थे। उन्होंने कहा था कि भाजपा ज्वाइन करने के बाद उन्होंने अरविंद केजरीवाल को सपने में देखा। इससे उनका हृदय परिवर्तन हुआ और वे वापस आम आदमी पार्टी में आ गए।

बहरहाल, राम चंदर ने रविवार को वीडियो जारी करके बताया- भाजपा के कुछ लोग मुझे अपने हेडक्वार्टर ले गए थे। वहां उन्होंने मुझे धमकी दी कि ईडी, सीबीआई मुझे फर्जी केस में फंसा देगी। मेरे बेटे आकाश ने पुलिस हेल्पलाइन को कॉल किया, जबकि हमारी पार्टी के सीनियर लीडर्स ने पुलिस कमिश्नर को कॉल किया। जब भाजपा को इसके बारे में पता चला, तब उन्होंने मुझे घर वापस आने दिया। उन्होंने कहा- मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि मैं ईडी और सीबीआई से डरता नहीं हूं। मैंने कुछ गलत नहीं किया है। मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक सिपाही हूं।

Related Articles

Back to top button