छत्तीसगढ़

4. बारिश से कई बस्तियां, कॉलोनियां जलमग्न:रायपुर में लोगों के बेडरूम डूबे, किचन-डायनिंग एरिया में भरा पानी, लोग होते रहे परेशान

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे शाम 5 बजे तक बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, कोरबा, कोरिया, मुंगेली, सूरजपुर, सरगुजा के लिए अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश होगी और आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 28, 29 और 30 जून को भी प्रदेश के सभी जिलों में बारिश होगी। बुधवार को दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश की संभावना जताई गई है ।बिलासपुर, मुंगेली, रायपुर, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है ।

रायपुर शहर में सोमवार को पूरे दिन और रातभर बारिश होती रही। इस वजह से कई जगहों पर जल जमाव हो गया। बोरियाखुर्द, गोकुलनगर, तेलीबांधा और पुरानी बस्ती के कुछ हिस्सों में पानी भर जाने, पेड़ गिरने जैसी समस्याओं से लोगों को दो चार होना पड़ा। लोग पार्षदों को फोनकर नाराजगी जाहिर करते रहे।

तेलीबांधा आनंद विहार और आनंद नगर में तो जरा सी बारिश कॉलोनी वालों के लिए आफतों का पहाड़ बन गई। किसी की गाड़ी डूब गई तो किसी का बेडरूम। लोगों के किचन, डायनिंग एरिया में नाली का पानी भर गया। घर में बदबूदार पानी में सोफा, फर्नीचर सब डूबा रहा। वजह थी आस-पास के कुछ प्रॉपर्टी डीलर्स की मनमानी। स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी के पास से गुजरने वाले पुराने नाले को पाटकर जमीन का सौदा कर दिया गया।

वार्ड के पार्षद कामरान अंसारी ने को बताया कि जब लोगों के घरों में पानी भरा तो हमने निगम आयुक्त को इसकी जानकारी दी। वो भी मौके पर आए और इस संबंध में कार्रवाई की बात कही। हमने कुछ जगहों से JCB से नाला खुदवाकर पानी बाहर निकालने का प्रयास किया मगर बारिश की वजह से JCB भी दलदली मिट्‌टी में फंस रही थी। एक दो दिन और बारिश हुई तो परेशानी बढ़ेगी। कुछ प्रॉपर्टी डीलर्स के खिलाफ शिकायत की है।

मौलीपारा इलाके में भी दर्जनों मकान में पानी भर जाने से परेशानी हुई। घर की महिलाएं, बच्चे बुजुर्ग सभी बाल्टियों से पानी बाहर फेंकते दिखे। पानी घर के भीतर घुसने की वजह से लोगों का काफी नुकसान भी हुआ है।

लगातार बारिश के बीच पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड गौरा गौरी चौक में बरगद का पुराना पेड़ टूटकर गिर गया। पार्षद और एमआईसी सदस्य आकाश तिवारी ने निगम की टीम और सीएसईबी के अधिकारियों के साथ मिलकर पहल करते हुए पेड़ को हटवाया। यहां पेड़ गिरने की वजह से बिजली भी काफी देर तक उपलब्ध नहीं हो सकी।

क्यों हो रहा जल भराव
एक्सप्रेस वे बनने के बाद से जलभराव का संकट गहराने लगा। इस दिक्कत को दूर करने के लिए एक्सप्रेस-वे से आनंद नगर की ओर अंडरग्राउंड सीवरेज बनाने का काम शुरू किया गया। चार महीने में सीवरेज बनकर तैयार होना था। बारिश से पहले काम पूरा हो जाता, लेकिन ठेकेदारों की लेटलतीफी की वजह से सीवरेज अब तक अधूरा है।

इस वजह से आनंद नगर और आनंद विहार कॉलोनी इस साल भी जलमग्न हो गई है। इस इलाके में रहने वाले लोगों में जलभराव को लेकर काफी आक्रोश है। अंडरग्राउंड सीवरेज के लिए सड़क को काफी ज्यादा खोद दिया गया है। उसे नहीं भरने की वजह से सड़क धसकने की आशंका में लोग डरे हुए हैं।

राजातालाब में भी पानी
दो दिन की बारिश में राजातालाब और मौलीपारा भी इस साल भर गया है। राजातालाब की गलियां एक से डेढ़ फीट तक भर गई हैं। पानी लोगों के घरों के भीतर भी घुस गया। पानी गिरते जा रहा है और लोग सुबह से पानी फेंकने का काम कर रहे हैं। मौलीपारा क्षेत्र में भी पानी भर गया है। बताया जा रहा है कि यहां पर नाले के ऊपर टॉयलेट बना दिया गया है। इस वजह से पास में गुरुद्वारा परिसर और मौलीपारा इलाके में पानी भर गया है।

क्या कह रहे महापौर
महापौर एजाज ढेबर ने कहा – जल विहार कॉलोनी की तीन दशक पुरानी समस्या दूर कर ली गई है। स्मार्ट ड्रेन बनने के बाद अब यहां पहले जैसी स्थिति नहीं रही। आनंद नगर और आनंद विहार में जलभराव के निदान के लिए अंडरग्राउंड ड्रेन बनाया जा रहा है। इसमें देरी को लेकर संबंधित अफसरों से जवाब लिया जाएगा। ठेकेदार की ओर से देरी होने पर पेनाल्टी लगाई जाएगी। जल्द से जल्द काम पूरा कराया जाएगा।

झूठे वादे, जलभराव के लिए अफसर जिम्मेदार : मीनल
नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा कि पहली बारिश में ही शहर जलमग्न हो गया है। नालों की सफाई के दावे झूठे साबित हो रहे हैं। गर्मी में जल संकट से जूझी जनता अब जलभराव से परेशान है। अफसरों की लापरवाही का खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। महापौर अफसरों से काम लेने में असफल हैं। महापौर-कमिश्नर को पत्र लिखकर जलभराव की समस्या पर चर्चा करने की मांग की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button