3. होटलों के मेन्यू में मिलेट्स के पकवान हुए शामिल, परोसे जा रहे चाइनीज से लेकर इटैलियन व दक्षिण भारतीय व्यंजन

रायपुर। स्वच्छता और स्वाद के साथ ही अब शहर के लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक हो रहे है। अपनी सेहत के लिए लोग अधिक सचेत हो गए है और अधिक से अधिक मोटे अनाज का उपयोग कर रहे है। मिलेट्स में पाए जाने वाले पोषक तत्वों के फायदे की वजह से मोटे अनाज का दैनिक आहार में उपयोग बढ़ाया जा रहा है। घरों के साथ ही अब होटल व रेस्टारेंट में भी मिलेट्स आधारित व्यंजनों व उत्पादों को मेन्यू में शामिल किया जा रहा है। ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के मोटे अनाज से तैयार व्यंजन परोसे जा रहे है। मोटे अनाज से ही चाइनीज, इटैलियन व दक्षिण भारतीय व्यंजन तैयार हो रहे है।
केंद्र सरकार द्वारा दिया जा रहा बढ़ावा
केंद्र सरकार द्वारा भी इन दिनों लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए पोषक तत्वों वाले मोटे अनाज को बढ़ावा देने की बात कही जा रही है। आम लोगों के साथ ही अब दिग्गज सितारा होटलों द्वारा मोटा अनाज अर्थात मिलेट्स के स्वादिष्ट पकवान शामिल किया जा रहा है। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि मोटे अनाज की बढ़ती मांग को देखते हुए इन्हें मेन्यू में शामिल किया जा रहा है। होटलों में अब रागी की खांडवी, चिकपी का सलाद, मिलेट्स को मिक्स करके ब्राउनी जैसे व्यंजन भी तैयार किए जा रहे हैं।
नालंदा परिसर में भी मिलेट्स कैफे
लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए अब शहर में विशेष रूप से मिलेट्स पकवान मिलने वाले रेस्टारेंट भी खोले जा रहे है। नालंदा परिसर में इसके लिए मिलेट्स कैफे भी खोला गया है।
मांग के अनुसार परोसे जाते है व्यंजन
छत्तीसगढ़ होटल एंड रेस्टारेंट एसोसिएशन के संरक्षक कमलजीत सिंह होरा ने बताया कि मिलेट्स व्यंजनों को मेन्यू में भी शामिल किया गया है। ग्राहकों की मांग के अनुसार उन्हें मोटे अनाज से बने व्यंजन परोसे जाते है। इसमें बाजरा, रागी, ज्वार और कोदो से बने व्यंजन शामिल होते है। मिलेट्स के वेज कबाब भी बनाए जा रहे है।



