2. प्रदेश में बारिश का दौर खत्म होने के बाद अब बढ़ेगी गर्मी, अन्य शहरों का रहेगा ये हाल, जानें मौसम विभाग का पूर्वानुमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हवा की दिशा बदलते ही अब उमस में बढ़ोतरी होने लगी है। हालांकि अधिकतम व न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से नीचे है, इसके बावजूद दोपहर की तेज धूप चुभने लगी है और उमस बढ़ी है। दोपहर की चिलचिलाती धूप व गर्मी बढ़ने लगी है। पिछले तीन चार दिनों से बदली बारिश का दौर खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है. प्रदेश के शहरों में तीन से चार डिग्री अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है.
सोमवार को प्रदेश का मौसम साफ रहने के साथ ही शुष्क रहेगा. रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 41.4 डिग्री रायगढ़ में दर्ज किया गया. रायपुर में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया है. प्रदेश के अन्य शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से लेकर 39 डिग्री तक पहुंचने के साथ ही गर्मी की तपिश भी बढ़ने लगी है.
मौसम वैज्ञानिक कि माने तो बदली बारिश का दौर खत्म होने के बाद अब धीरे धीरे अधिकतम तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है. एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर स्थित है, जो 8 मई को निम्न दाब के रूप में परिवर्तित हो सकता है. उसके बाद आगे प्रबल होकर अवदाब के रूप में दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर 9 मई को यह प्रबल होकर चक्रवाती तूफान के रूप में परिवर्तित हो सकता है.



