2. लिफ्ट मांग कर कारोबारी से की लूटपाट, फिर लुटेरा बाइक लेकर हुआ फरार, वारदात सीसीटीवी में कैद

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा रोड पर सेमरिया राणा ढाबा के पास बीती रात कारोबारी के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है। खबरों के अनुसार लुटेरे ने बाइक सवार कारोबारी से लिफ्ट मांग कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। और कारोबारी की बाइक भी लेकर फरार हो गया।
लूट की यह पूरी वारदात घटनास्थल के पास स्थित ढाबा के सीसीटीवी में कैद हो गई है। पीड़ित कारोबारी ने थाना विधानसभा में लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है, जिससे आरोपित का कोई सुराग मिल सके।
लुटेरे ने इस तरह दिया वारदात को अंजाम
दरअसल, यह घटना विधानसभा थाना इलाके का है। मिली जानकारी के अनुसार खरोरा के कारोबारी लोकेश सिन्हा बीती रात बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान विधानसभा रोड पर अज्ञात लुटेरे ने कारोबारी से लिफ्ट मांगा। इसके बाद कारोबारी से झूमाझटकी की और लूटपाट के बाद लुटेरा पीड़ित का मोटर साइकिल लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित कारोबारी ने विधानसभा थाने में लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इसके बाद थाने की पुलिस और सायबर सेल मौके पर पहुंच गई। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।



