5. 4 तरह के जूस तेजी से बढ़ाते हैं हीमोग्लोबिन लेवल, दूर होगी एनीमिया, नस-नस में बढ़ जाएगी खून की मात्रा

शरीर में आयरन की कमी होने से एनीमिया की समस्या बढ़ जाती है. एनीमिया की समस्या महिलाओं में अधिक देखने को मिलती है. अक्सर शरीर में आयरन की कमी को दूर करने के लिए एक्सपर्ट आयरन सप्लीमेंट्स लेने की सलाह देते हैं. हालांकि, आप किसी भी तरह की दवाओं के सेवन से बचना चाहते हैं तो शरीर में हीमाग्लोबिन लेवल या खून की मात्रा को बढ़ाने के लिए नियमित रूप से कुछ जूस का भी सेवन कर सकते हैं. कई फलों, सब्जियों में आयरन की मात्रा भरपूर होती है. इनसे बना जूस, स्मूदी पीने से एनीमिया की समस्या को दूर की जा सकती है.
हेल्दीफाईमी डॉट कॉम में छपी एक खबर के अनुसार, राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार, लगभग 50% भारतीय महिलाओं में आयरन की कमी होती है. आयरन युक्त चीजों के कम सेवन से हीमोग्लोबिन संश्लेषण की कमी हो जाती है, जो मस्तिष्क में ऑक्सीजन के प्रवाह को बाधित कर सकती है. इसके कारण मस्तिष्क पर अत्यधिक दबाव उत्पन्न होता है और सिरदर्द होने लगता है. आयरन की कमी पुरुषों और महिलाओं दोनों को समान मात्रा में प्रभावित करती है. हालांकि, महिलाओं में पीरियड्स के दौरान खून की कमी के कारण अतिरिक्त आयरन शरीर से निकल जाता है. इस प्रकार, भरपूर मात्रा में आयरन का सेवन करना महत्वपूर्ण है, जो आप विभिन्न फलों और सब्जियों से प्राप्त कर सकते हैं.
प्रतिदिन हीमोग्लोबिन की जरूरत कितनी?
एनीमिया से पीड़ित लोगों को प्रतिदिन 100-200 मिलीग्राम आयरन का सेवन करना चाहिए. यह स्टैंडर्ड डेली मल्टीविटामिन या भोजन से मिलने वाली मात्रा से कहीं अधिक है. आप शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा को यहां बताए गए कुछ हेल्दी जूस, स्मूदी के सेवन से बढ़ा सकते हैं.
हीमोग्लोबिन लेवल बढ़ाने के लिए पिएं ये 4 जूस
कद्दू का जूस- कद्दू एंटीऑक्सिडेंट्स, खनिजों का एक पावरहाउस है. कद्दू का जूस पीने से ना सिर्फ शरीर में आयरन की कमी दूर होगी, बल्कि आपके पूरे स्वास्थ्य को कई लाभ होगा. कद्दू के बीज आयरन के सबसे महत्वपूर्ण स्रोतों में से एक हैं. आप इन बीजों को भी रोस्ट करके खा सकते हैं. कद्दू से आप स्मूदी, जूस बनाकर पी सकते हैं. बीजों को भी स्मूदी में ब्लेंड कर सकते हैं. कद्दू के रस के सेवन शरीर में हीमोग्लोबिन लेवल बढ़ सकता है.
चुकंदर का जूस- चुकंदर फोलेट, मैंगनीज, पोटैशियम, आयरन, विटामिन सी जैसे कई आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होता है. इसका जूस लिवर से विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद करता है. इसके अतिरिक्त, यह लाल रक्त कोशिकाओं को बनने में भी मदद करता है. ऑक्सीजन के उपयोग में सुधार करता है. चुकंदर में कई तरह के मिनरल्स होते हैं, जो रक्त कोशिकाओं की मरम्मत करते हैं. इससे शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ती है सौ ग्राम चुकंदर में 0.8 मिलीग्राम आयरन होता है. प्रतिदिन चुकंदर का रस पीकर शरीर में आयरन की कमी को दूर किया जा सकात है.
प्रून जूस- आलूबुखारे को सुखाकर प्रून बनता है. प्रून का जूस पीकर भी आप शरीर में हीमोग्लोबिन लेवल को बढ़ा सकते हैं. इसमें पौष्टिक तत्वों का खजाना होता है. खून की कमी को दूर करता है ये जूस. साथ ही सेहत को कई अन्य लाभ भी पहुंचाता है. प्रून प्लांट-बेस्ड आयरन से भरपूर होता है. प्रून जूस पीने से शरीर को आयरन मिलने के साथ ही एनर्जी भी बूस्ट होती है. इसके अलावा, डायबिटीज से ग्रस्त लोगों के लिए भी प्रून का सेवन फायदेमंद है, क्योंकि इससे ब्लड शुगर लेवल में वृद्धि नहीं होती है. इस जूस को पीने से कब्ज आदि पेट से संबंधित समस्याएं भी दूर होती हैं.
अलसी और तिल के बीज से बना स्मूदी- अलसी के बीज यानी फ्लैक्ससीड और तिल से बना स्मूदी पीकर भी आप शरीर में हीमोग्लोबिन लेवल को बढ़ा सकते हैं. अलसी के बीज आयरन से भरपूर होते हैं, जो हीमोग्लोबिन के उत्पादन में मदद करते हैं. इसके अलावा, नियमित रूप से इसका सेवन करने से हड्डियां भी मजबूत बनती हैं. तिल के बीज भी आयरन से भरपूर होते हैं. यूएसडीए के अनुसार, इन बीजों में प्रति चम्मच 1.31 मिलीग्राम आयरन और जिंक जैसे अन्य कई मिनरल्स होते हैं. अलसी और तिल की स्मूदी बनाने के लिए मिक्सर में दूध, शहद, अलसी और तिल के बीज मिलाकर ब्लेंड करें. गाढ़ा स्मूदी बन जाए तो इसे ताजा ही पिएं. इन जूस और स्मूदी के अलावा, आप पालक, संतरे आदि का जूस भी पी सकते हैं. ये शरीर में आयरन की कमी को दूर करते हैं.



