यूक्रेन ने रूस के सीमा के पास एक गोला बारूद डिपो को उड़ाया: बेलगोरोड गवर्नर
रूस और यूक्रेन के बीच महीनों से भीषण युद्ध लगातार जारी है। रूस के बेलगोरोड जिले के एक गांव में यूक्रेन के सशस्त्र बलों द्वारा गोलाबारी के परिणामस्वरूप एक गोला बारूद डिपो को उड़ा दिया गया था है। यह जानकारी वहां के गवर्नर ने दी है।

कीव । रूस और यूक्रेन के बीच महीनों से भीषण युद्ध जारी है। पिछले कुछ दिनों में स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हुई है। रूस के सीमांत बेलगोरोड क्षेत्र के गवर्नर ने टेलीग्राम पर कहा- यूक्रेन की गोलाबारी ने गुरुवार को रूस के सीमावर्ती गांव में एक गोला बारूद डिपो को उड़ा दिया।
बेलगोरोड क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने कहा, ‘बेलगोरोड जिले के एक गांव में यूक्रेन के सशस्त्र बलों द्वारा गोलाबारी के परिणामस्वरूप एक गोला बारूद डिपो को उड़ा दिया गया था।’ ‘निवासियों को अब सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है।’
रूस ने विश्वयुद्ध की दी चेतावनी
मालूम हो कि सोमवार को भीषण हमले के बाद रूस का इसी सप्ताह यह दूसरा बड़ा हमला है। इस हमले के साथ ही रूस ने विश्वयुद्ध की चेतावनी भी दे दी है। कहा है- यूक्रेन को अगर नाटो में शामिल किया गया तो तीसरा विश्वयुद्ध तय है। नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) में शामिल होने की यूक्रेन की कोशिश के चलते ही रूस ने उस पर हमला किया है।
कीव को ड्रोन से बनाया निशाना
यूक्रेन की राजधानी कीव पर गुरुवार सुबह रूसी सेना ने कामिकाजे ड्रोन से हमला किया। कीव के उप नगरीय इलाकों पर हुए हमले में संवेदनशील ढांचों और आवासीय भवनों को निशाना बनाया गया। कामिकाजे ड्रोन ईरान में निर्मित आत्मघाती मानवरहित छोटे सशस्त्र विमान हैं, ये दुश्मन के क्षेत्र में भीतर घुसकर हमला करते हैं और वहीं पर खत्म हो जाते हैं। इनकी खरीद कुछ हफ्ते पहले ही रूस ने की है। यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय ने नुकसान के बारे में जानकारी न देते हुए सिर्फ इतना बताया है कि ड्रोन हमले में संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाया गया है।



