बुजुर्ग पड़ोसन ने घर से चुराए लाखों रुपये के जेवर, डुप्लीकेट चाबी से दो साल से कर रही थी चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
अपने ही पड़ोसी के घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी करने वाली बुजुर्ग महिला को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता की मां ने दो साल पहले उसे घर की एक चाबी दी थी।

भिलाई। अपने ही पड़ोसी के घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी करने वाली बुजुर्ग महिला को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता की मां ने दो साल पहले उसे घर की एक चाबी दी थी।जिसे आरोपित ने वापस नहीं लौटाया था और उसने उसी चाबी की मदद से घर का ताला तोड़कर चोरी की दी। पुलिस ने आरोपित महिला के पास से चोरी के जेवर जब्त किए हैं। जिसकी कीमत चार लाख रुपये आकी गई है।स्मृति नगर चौकी प्रभारी युवराज देशमुख ने बताया कि चौहान टाउन निवासी सागर मित्तल के घर पर चोरी की घटना हुई थी। शिकायतकर्ता आठ सितंबर को अपनी पत्नी के साथ डोंगरगढ़ गया हुआ था।
वहीं उसके माता पिता चौहान टाउन स्थित किराना की दुकान पर थे। डोंगरगढ़ से लौटने के बाद वे दोनों अपनी दुकान पर गए। रात में 11 बजे दुकान बंद करने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने घर लौटे। घर के दरवाजे का ताला खोलकर अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लाकर टूटा मिला और उसमें रखे सोने के जेवर गायब थे। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की। शिकायतकर्ता ने पुलिस को जानकारी दी कि दो साल पहले उसकी मां ने उसके पड़ोस में रहने वाली निर्मल कौर को घर के देखरेख के लिए घर की एक चाबी दी थी।
इस आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपित निर्मल कौर (60) को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का जेवर बरामद किया। जिसकी कीमत चार लाख रुपये आकी गई है। पुलिस उसके खिलाफ चोरी की धारा के तहत कार्रवाई की है।



