चरित्र पर शंका कर पति ने गला दबाकर की थी पत्नी का हत्या, पुलिस को बताई झूठी कहानी
बोधघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत मेटगुड़ा के पास खम्हार जंगल में बीते 21 सितंबर की सुबह महिला की लाश संदिग्ध हालत में पाए जाने के मामले की तह तक पुलिस पहुंच गई है। महिला के पति ने ही पारिवारिक विवाद के चलते गला दबाकर उसकी हत्या की थी।

जगदलपुर। बोधघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत मेटगुड़ा के पास खम्हार जंगल में बीते 21 सितंबर की सुबह महिला की लाश संदिग्ध हालत में पाए जाने के मामले की तह तक पुलिस पहुंच गई है। महिला के पति ने ही पारिवारिक विवाद के चलते गला दबाकर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने आरोपित रवि यादव निवासी सुंदर नगर, मेटगुड़ा को सोमवार को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया है।
सीएसपी हेमसागर सिदार ने बताया कि 21 सितंबर की सुबह मेटगुड़ा के खम्हार जंगल में महिला की लाश संदिग्ध परिस्थिति में मिली थी। प्रकरण के जांच के दौरान लाश की शिनाख्त शारदा यादव निवासी मेटगुड़ा सुंदर नगर के रूप में हुई। घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिस्थतिजन्य साक्ष्यों के आधार पर उक्त महिला की हत्या होना पाए जाने पर थाना बोधघाट में अज्ञात आरोपित के विरूद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर अनुसंधान में लिया गया था।
निरीक्षक माधुरी नायक, लालजी सिन्हा, एमन साहू, धनजंय सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की तफ्तीश की जा रही थी। इस बीच परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति रवि यादव पर अपराध का संदेह होना पाया गया। इस पर रवि यादव से पूछताछ पर उसने अपनी पत्नी शारदा यादव की हत्या करना स्वीकार किया है। मामले में आरोपित की स्वीकारोक्ति के बाद आरोपित रवि यादव को थाना बोधघाट द्वारा अपनी पत्नी शारदा यादव की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया जहां से उसे जेल दाखिल किया गया।
चरित्र पर संदेह के चलते की हत्याः जांच के दौरान पुलिस को मिले तथ्यों के अनुसार आरोपित रवि यादव वाहन चालक का काम करता है। उसका विवाह वर्ष 2014 में शारदा यादव से हुआ था। दोनों पिछले चार वर्ष से सुंदर नगर मेटगुड़ा में रहे थे। शारदा यादव व उसके पति रवि यादव के मध्य संबंध ठीक नहीं था। शारदा यादव अपने पति रवि यादव के चरित्र पर शंका करती थी, वहीं रवि भी उस पर शंका करता था। इसके चलते दोनों में अकसर वाद-विवाद होता रहता था।
इसी विवाद के कारण रवि यादव ने शारदा यादव की हत्या करने की योजना बनाई। सुबह शारदा यादव शौच करने के लिए खम्हार के जंगल की ओर गई तब रवि यादव भी उसके पीछे-पीछे दूसरे रास्ते से खम्हार जंगल की ओर गया और वह जंगल में छिपकर शारदा यादव के पास पहुंचकर मौका देखकर शारदा की गला दबाकर हत्या कर दी और लाश को जंगल में छिपाकर वापस अपने घर आ गया और कुछ देर बाद मोहल्ले के लोगों को यह बताया कि उसकी पत्नी सुबह शौच करने जंगल की ओर गई थी जो वापस नहीं आई है। यह बात बताकर वह मोहल्ले वासियों को गुमराह कर शारदा यादव को ढूंढने के बहाने मेटगुड़ा खम्हार जंगल व रेलवे स्टेशन की ओर गया। बाद में जहां मोहल्लेवासियों के ढूढंने के दौरान शारदा यादव की लाश मिलने पर उसने अपनी पत्नी के साथ हुए घटना को दूसरा स्वरूप देने की नीयत से उसने घटना की जानकारी डायल 112 को भी दी।



