विवेक अग्निहोत्री ने बीफ खाने पर अब दी सफाई, बोले- भारत में गोमांस नहीं भैंसा मिलता है
बीते दिनों विवेक अग्निहोत्री का एक बीफ वाला वीडियो वायरल हुआ था। अब इस पर उन्होंने सफाई दी है। विवेक का कहना है कि वो वीडियो एडिटेड था, वह शाकाहारी परिवार से हैं।

लोगों ने साउंड किया एडिट
ब्रह्मास्त्र की रिलीज के पहले रणबीर कपूर का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह बीफ पसंद करने की बात बोल रहे थे। इस पर उनको ट्रोल किया गया तो कुछ लोग विवेक अग्निहोत्री का वीडियो खोज लाए जिसमें उन्होंने भी बीफ पसंद होने की बात कही थी। इस बीच विवेक ट्विटर पर रिऐक्ट करते रहे। अब एक रीसेंट इंटरव्यू में वह इस मुद्दे पर बोले हैं। विवेक ने ब्रूट इंडिया से बातचीत में कहा, लोग बात को गलत तरीके से ले लेते हैं। एक वीडियो क्लिप थी। लोगों ने इसका साउंड एडिट कर दिया था। मैंने कहा था मैं बीफ खाता था। मैं अब बीफ नहीं खाता हूं। लोगों ने इससे नहीं को एडिट कर दिया तो लगने लगा कि मैं बीफ खाता था और आज भी खाता हूं। लोगों ने ऐसा किया पर मुझे कोई दिक्कत नहीं है।
भारत में नहीं मिलता बीफ
विवेक ने बताया, जहां तक बीफ की बात है, मैं बीफ खाया करता था से लगता है कि जैसे मैं रोजाना बीफ खाता था। तो भारत में आपको बीफ मिलता ही नहीं है। यह बफेलो होता है। विवेक बोलते हैं, जब जवान लड़के-लड़कियां आते हैं तो थोड़े विद्रोही हो जाते हैं। मैं बहुत सख्त शाकाहारी परिवार से हूं। मेरी मां ने कभी लहसुन-प्याज तक नहीं खाया। मैं ऐसे परिवार से हूं जो लौकी खाता है। जब आप जवान होते हो तो विद्रोह करना चाहते हो। सबसे पहले आप सिगरेट पीना शुरू करते हो। फिर शराब फिर बाहर निकलते हो। एक रेस्ट्रॉन्ट है जहां हर कोई जाता है। तो शायद मैं भी कभी-कभी वहां गया और वो सब खाया।
रणबीर के लिए जताया दुख
विवेक बोले, जब आप भारत से बाहर जाते हो तो बर्गर में जो मिलता है खा लेते हो। ऐसा नहीं कि अलग से बीफ ऑर्डर करके खाते हो। रणबीर के बीफ खाने पर विवेक ने कहा कि खाना किसी की भी पर्सनल चॉइस है और उन्हें दुख है कि रणबीर को उनके पुराने वीडियो पर टारगेट किया गया।


