रायपुर

शासन के निर्देशों को ठेंगा? नगर निगम की विद्युत समीक्षा बैठक में पार्षदों के साथ पहुंचे पार्षद पति!

नगरीय निकायों में पार्षद पतियों की दखलअंदाजी पर रोक संबंधी खबर के बाद भी रायपुर नगर निगम की बैठक में मौजूदगी ने खड़े किए सवाल, महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर फिर चर्चा।

एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…

रायपुर। नगरीय निकायों में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के स्थान पर उनके पति या रिश्तेदारों की दखलअंदाजी रोकने को लेकर शासन के निर्देशों और इस संबंध में नवभारत में प्रकाशित समाचार के बावजूद रायपुर नगर निगम में स्थिति बदलती नजर नहीं आ रही है। नगर निगम की विद्युत सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक में महिला पार्षदों के साथ पार्षद पतियों की मौजूदगी ने एक बार फिर शासन के निर्देशों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल नगरीय निकायों में पार्षद पतियों की दखलअंदाजी पर रोक लगाने संबंधी शासन के निर्देशों का उल्लेख किया गया था। इसमें स्पष्ट किया गया था कि निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को अपने दायित्वों का निर्वहन स्वयं करना होगा तथा उनके पति या रिश्तेदार उनके स्थान पर प्रतिनिधि की भूमिका नहीं निभा सकेंगे।

इसके बावजूद नगर निगम रायपुर की विद्युत सलाहकार समिति की बैठक में पार्षदों के साथ पार्षद पतियों की उपस्थिति चर्चा का विषय बन गई है।

बैठक में प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा, लेकिन पार्षद पतियों की मौजूदगी पर चुप्पी क्यों?

महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निर्देशानुसार विद्युत विभाग की अध्यक्ष श्रीमती सुमन पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, खराब टाइमर, खतरनाक विद्युत केबल और पोल हटाने सहित विभिन्न समस्याओं पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

बैठक में कई महिला पार्षदों सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। लेकिन सवाल यह है कि जब शासन स्तर पर महिला जनप्रतिनिधियों के कार्यों में उनके पतियों की दखलअंदाजी रोकने की बात कही गई है, तो फिर निगम की आधिकारिक समिति की बैठक में पार्षद पतियों की मौजूदगी किस आधार पर रही?

क्या शासन के निर्देश सिर्फ कागजों तक सीमित हैं?

नगर निगम प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि पार्षद पतियों को बैठक में किस हैसियत से शामिल किया गया था? क्या उन्हें आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया था? क्या समिति की बैठकों में गैर-सदस्य व्यक्तियों की उपस्थिति के लिए कोई निर्धारित प्रक्रिया है?

महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ यही है कि निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को स्वतंत्र रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिले। उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति का हस्तक्षेप उनकी निर्वाचित भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना पर सवाल खड़े कर सकता है।

अब देखना यह है कि महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा इस मामले को गंभीरता से लेते हैं या नहीं। साथ ही यह भी देखना होगा कि शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगम प्रशासन कोई स्पष्ट कदम उठाता है या नहीं।

बड़ा सवाल यही है कि जब शासन ने पार्षद पतियों की दखलअंदाजी रोकने की व्यवस्था बनाई है, तो रायपुर नगर निगम की बैठकों में उनकी मौजूदगी पर जवाबदेही कौन तय करेगा?

Related Articles

Back to top button