रायपुर

गरीबों के ठेलों पर निगम का बुलडोजर जैसा रुख, अमीरों के अवैध निर्माण पर कार्रवाई कब?

टीम प्रहरी अभियान में 50 ठेला-गुमटियों पर 18 हजार का जुर्माना, लेकिन नगर निगम के 10 जोनों में फैले अवैध निर्माणों पर कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवाल

एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…

रायपुर। राजधानी रायपुर में अतिक्रमण हटाने के नाम पर नगर निगम का टीम प्रहरी अभियान लगातार सुर्खियों में है। एवरग्रीन चौक से बैजनाथपारा, मालवीय मार्ग और शास्त्री बाजार तक सड़क कब्जामुक्त कराने के लिए नगर निगम, नगर निवेश विभाग के उड़नदस्ते और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर कब्जा कर व्यवसाय करने वाले लगभग 50 ठेला एवं गुमटी संचालकों पर कार्रवाई करते हुए करीब 18 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। साथ ही भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।

निश्चित रूप से शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना और आम नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। लेकिन सवाल यह है कि क्या अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई सभी के लिए एक समान है?
गरीबों के ठेले दिख जाते हैं, बड़े अवैध निर्माण क्यों नहीं?

राजधानी रायपुर नगर निगम के सभी 10 जोनों में अवैध निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। कई स्थानों पर बड़े व्यावसायिक भवनों और अन्य निर्माणों को लेकर भवन अनुज्ञा, निर्माण की वैधता और निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
कई मामलों में अवैध निर्माण को लेकर एक, दो और तीन नोटिस जारी होने के बावजूद निर्माण जारी रहने तथा कार्रवाई अधूरी रहने की शिकायतें भी सामने आई हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि सड़क किनारे रोजी-रोटी कमाने वाले गरीब ठेला संचालकों पर तत्काल जुर्माना लगाने वाला निगम बड़े और प्रभावशाली निर्माणकर्ताओं के मामलों में उतनी ही तत्परता क्यों नहीं दिखाता?
क्या कार्रवाई में अमीर और गरीब का अंतर है?
नगर निगम की कार्रवाई को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल दोहरे रवैये का उठ रहा है। एक तरफ गरीब ठेला संचालकों पर तत्काल जुर्माना लगाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ बड़े निर्माणों के मामले में नोटिस जारी होने के बाद भी कार्रवाई लंबित रहने की शिकायतें सामने आती हैं।
क्या बड़े अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने में विभागीय अधिकारियों को दबाव का सामना करना पड़ता है? क्या प्रभावशाली निर्माणकर्ताओं को कार्रवाई से राहत मिल जाती है? या फिर कहीं जवाबदेही और निगरानी की कमी है? इन सवालों का जवाब नगर निगम प्रशासन को देना चाहिए।
आयुक्त संबित मिश्रा से जनता के सीधे सवाल
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और सभी जोन कमिश्नरों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए क्या कोई समान नीति निर्धारित है? यदि गरीबों के ठेले और गुमटियां सड़क कब्जाने के कारण हटाई जा सकती हैं, तो सार्वजनिक मार्गों और नियमों का उल्लंघन कर किए गए बड़े निर्माणों पर भी नियमानुसार कार्रवाई कब होगी?
टीम प्रहरी अभियान तभी प्रभावी माना जाएगा, जब इसकी कार्रवाई छोटे-बड़े सभी अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों पर निष्पक्ष रूप से लागू होती दिखाई देगी।
आखिर सवाल यही है कि कानून सबके लिए बराबर है तो कार्रवाई भी बराबर क्यों नहीं?

Related Articles

Back to top button