कागजों में फॉगिंग, जमीन पर मच्छरों का आतंक!
जोन 6 के सातों वार्डों में नियमित फॉगिंग का निगम का दावा, वार्ड 60 की चौरसिया कॉलोनी के रहवासियों ने उठाए सवाल

एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 6 में मच्छर नियंत्रण को लेकर निगम प्रशासन के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है। निगम का दावा है कि जोन के सभी सात वार्डों में तीन फॉगिंग मशीनों के माध्यम से आवश्यकतानुसार नियमित फॉगिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही नालियों और जलभराव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी किया जा रहा है।
लेकिन वार्ड क्रमांक 60 की चौरसिया कॉलोनी के रहवासियों का आरोप है कि पिछले लगभग 20 महीनों में एक बार भी यहां फॉगिंग मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि जब निगम नियमित फॉगिंग का दावा कर रहा है, तो चौरसिया कॉलोनी के रहवासियों को इस सुविधा से वंचित क्यों रखा गया?

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप लगातार बना हुआ है। शाम होते ही मच्छरों की समस्या बढ़ जाती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से नियमित फॉगिंग की व्यवस्था दिखाई नहीं देती।
तीन मशीनें, सात वार्ड और फिर भी सवाल!
निगम के आधिकारिक जवाब के अनुसार जोन क्रमांक 6 में कुल तीन फॉगिंग मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों से सातों वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग कराने की बात कही गई है। लेकिन निगम को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि पिछले 20 महीनों में वार्ड 60 की चौरसिया कॉलोनी में कितनी बार फॉगिंग कराई गई?
निगम के दावों की होगी जांच?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या निगम के रिकॉर्ड में फॉगिंग दर्ज है, जबकि स्थानीय रहवासियों को इसका लाभ नहीं मिला? यदि फॉगिंग कराई गई है तो उसकी तारीख, समय, कर्मचारी का नाम और संबंधित मशीन का रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
अमन प्रकाश न्यूज़ का सवाल:
पिछले 20 महीनों में चौरसिया कॉलोनी में कितनी बार फॉगिंग हुई?
फॉगिंग मशीनों के संचालन का रजिस्टर कहां है?
तीन मशीनों से सात वार्डों में नियमित फॉगिंग कैसे सुनिश्चित की जा रही है?
यदि फॉगिंग हुई है तो स्थानीय रहवासियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं है?
नगर निगम प्रशासन को केवल कागजों में मच्छर नियंत्रण के दावे करने के बजाय धरातल पर व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। आखिरकार जनता निगम को टैक्स देती है, ताकि उसे बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
जनता का सवाल सीधा है—मच्छरों से राहत कागजों में मिलेगी या जमीन पर भी?



