क्या आयुक्त संबित मिश्रा के नियंत्रण से बाहर हो गए हैं निगम के 10 जोन? अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं होने के पीछे क्या है मजबूरी या कोई और वजह?
रायपुर नगर निगम में अवैध निर्माण का खेल! नोटिस पर नोटिस, बुलडोजर के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति?

एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण का मुद्दा अब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। नगर निगम के सभी 10 जोनों में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर आखिर चल क्या रहा है? क्या नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा अपने अधीनस्थ अधिकारियों और जोन कमिश्नरों पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं या फिर अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में अधिकारी किसी दबाव का सामना कर रहे हैं?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?
नगर निगम के विभिन्न जोनों में अवैध निर्माण की शिकायतों के बाद इंजीनियरों के माध्यम से पहले नोटिस, फिर दूसरा और तीसरा नोटिस जारी करने का सिलसिला चलता रहता है। लेकिन जब कार्रवाई की बारी आती है तो निगम की टीम बुलडोजर और अमले के साथ मौके पर पहुंचती जरूर है, मगर कार्रवाई के नाम पर कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ कर वापस लौट आती है।

कई मामलों में विवाद की स्थिति बनने पर भी निगम का अमला बिना ठोस कार्रवाई किए लौटता दिखाई देता है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या नगर निगम की कार्रवाई सिर्फ सरकारी खर्च पर औपचारिकता निभाने तक सीमित रह गई है?
गरीबों पर सख्ती, रसूखदारों पर नरमी क्यों?
रायपुर नगर निगम की कार्रवाई में दोहरा मापदंड अपनाए जाने के आरोप भी लगातार उठ रहे हैं। एक तरफ गरीबों की छोटी दुकानों, ठेलों और गुमटियों पर बुलडोजर तेजी से चलता दिखाई देता है, वहीं दूसरी तरफ बड़े और प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माण के मामलों में नोटिसों का सिलसिला लंबा खिंचता नजर आता है।
यदि नियम सभी के लिए समान हैं तो फिर कार्रवाई में यह अंतर क्यों?
क्या कानून केवल गरीबों के लिए सख्त है और रसूखदारों के लिए नरम?
मलाई-मिठाई का खेल या अधिकारियों की लापरवाही?
शहर में लगातार उठ रहे सवालों के बीच यह चर्चा भी हो रही है कि आखिर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? क्या अधिकारियों पर किसी प्रकार का दबाव है, क्या प्रशासनिक इच्छाशक्ति की कमी है या फिर कहीं कोई ऐसा मामला है जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए?
इन सवालों का जवाब नगर निगम प्रशासन को देना चाहिए। बिना प्रमाण किसी अधिकारी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाना उचित नहीं होगा, लेकिन जनता के सवालों की अनदेखी भी नहीं की जा सकती।
आयुक्त संबित मिश्रा और नगरीय प्रशासन मंत्री से सीधे सवाल
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा बताएं कि:
रायपुर के सभी 10 जोनों में कितने अवैध निर्माण चिह्नित किए गए हैं?
कितने मामलों में नोटिस जारी किए गए और कितने निर्माण वास्तव में तोड़े गए?
नोटिस जारी होने के बावजूद निर्माण जारी रहने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई?
बुलडोजर और निगम अमले के मौके पर पहुंचने के बाद भी कार्रवाई अधूरी क्यों रह जाती है?
क्या बड़े और प्रभावशाली निर्माणकर्ताओं के खिलाफ भी गरीबों जैसी सख्ती दिखाई जाएगी?
यदि नगर निगम आयुक्त अपने अधीनस्थ अधिकारियों से जवाबदेही तय नहीं करा पा रहे हैं तो क्या नगरीय प्रशासन मंत्री को इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की समीक्षा और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं करनी चाहिए?
जनता को जवाब चाहिए, सिर्फ नोटिस नहीं!
रायपुर की जनता को अब आश्वासन नहीं, परिणाम चाहिए। शहर में अवैध निर्माण पर रोक लगाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे निर्माणकर्ता गरीब हो या रसूखदार।
अमन प्रकाश न्यूज़ इस पूरे मामले को लेकर लगातार पड़ताल करेगा।
नगर निगम के सभी 10 जोनों में अवैध निर्माण, जारी नोटिस, कार्रवाई की वास्तविक स्थिति और अधिकारियों की जवाबदेही से जुड़े दस्तावेज जनता के सामने रखे जाएंगे।
हमारा सवाल किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि उस व्यवस्था से है जिसे शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अब सवाल रायपुर की जनता पूछ रही है और जवाब नगर निगम प्रशासन को देना होगा।



