रायपुर में कार्रवाई के नाम पर आम जनता पर सख्ती, फुटपाथों पर कब्जा करने वालों को किसका संरक्षण?
सड़क पर खड़ी गाड़ियों का चालान काटने में ट्रैफिक पुलिस सक्रिय, लेकिन फुटपाथों पर दुकानदारों के कब्जे हटाने में नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल

एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। राजधानी रायपुर में इन दिनों अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था सुधारने के नाम पर प्रशासनिक कार्रवाई का अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं नगर निगम की टीम प्रहरी के माध्यम से ठेले-गुमटियों पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूलने की खबरें भी सामने आ रही हैं।
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की पूरी जिम्मेदारी केवल आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों पर ही है?
रायपुर की सड़कों पर नजर दौड़ाएं तो कई प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ दुकानदारों के कब्जे में दिखाई देते हैं। कहीं दुकानों का सामान फुटपाथ तक फैला हुआ है, तो कहीं स्थायी दुकानों के सामने अवैध तरीके से कारोबार संचालित हो रहा है। पैदल चलने वाले नागरिकों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब सड़क पर खड़ी गाड़ियों पर चालान काटने के लिए यातायात पुलिस की टीम तत्काल पहुंच जाती है, तो फुटपाथों पर वर्षों से जमे अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की टीम उतनी ही सक्रिय क्यों नहीं दिखाई देती?

टीम प्रहरी के नाम पर चालानी कार्रवाई, बड़े अतिक्रमणों पर कब चलेगा अभियान?
नगर निगम आयुक्त समित मिश्रा के नेतृत्व में टीम प्रहरी अभियान के तहत ठेले-गुमटियों और सड़क पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लेकिन शहर की वास्तविक स्थिति यह सवाल खड़ा करती है कि क्या यह अभियान केवल छोटे दुकानदारों और ठेले वालों तक सीमित रह जाएगा?
यदि प्रशासन वास्तव में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना चाहता है, तो फुटपाथों पर कब्जा करने वाले बड़े दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और प्रभावशाली अतिक्रमणकारियों के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।
आखिर नगर निगम के अधिकारी उन फुटपाथों को खाली क्यों नहीं करा पा रहे हैं, जिन पर लंबे समय से दुकानदारों का कब्जा बना हुआ है? क्या इन अतिक्रमणों की जानकारी संबंधित जोन कमिश्नरों और अधिकारियों को नहीं है? या फिर कार्रवाई के मामले में अलग-अलग मापदंड अपनाए जा रहे हैं?
जनता पर सख्ती और बड़े अतिक्रमणों पर नरमी क्यों?
एक तरफ सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर आम नागरिक को चालान का सामना करना पड़ रहा है, दूसरी तरफ फुटपाथों पर कब्जे के कारण पैदल चलने वाले लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जनता के बीच यह सवाल और नाराजगी बढ़ रही है कि आखिर कार्रवाई का पैमाना क्या है? क्या नियम केवल आम नागरिकों के लिए हैं या फिर शहर के सभी नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर समान रूप से लागू होंगे?
कलेक्टर गौरव सिंह और नगर निगम आयुक्त समित मिश्रा से शहर की जनता यह जानना चाहती है कि फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कोई ठोस समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई है या नहीं?
प्रशासन से जनता के सीधे सवाल
रायपुर के सभी 10 जोनों में फुटपाथों पर हुए अतिक्रमण का सर्वे कब कराया जाएगा?
बड़े दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा किए गए फुटपाथ अतिक्रमण पर कार्रवाई कब होगी?
टीम प्रहरी अभियान में अब तक कितने छोटे और कितने बड़े अतिक्रमण हटाए गए?
चालानी कार्रवाई से वसूली गई राशि का पूरा विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया जाता?
क्या प्रशासन सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए समयसीमा निर्धारित करेगा?
सवाल सिर्फ चालान काटने या जुर्माना वसूलने का नहीं, बल्कि शहर की व्यवस्था सुधारने का है। रायपुर की जनता को ऐसी कार्रवाई चाहिए जिसमें गरीब और अमीर, छोटा दुकानदार और बड़ा व्यावसायिक प्रतिष्ठान सभी के लिए एक समान नियम लागू हों।
प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसका उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई और जुर्माना वसूली है या वास्तव में रायपुर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराना भी है।
अब देखना यह है कि कलेक्टर गौरव सिंह और नगर निगम आयुक्त समित मिश्रा फुटपाथों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कब तक ठोस कार्रवाई करते हैं।



