भूमिपूजन तो हो गया, अब निर्माण कब पूरा होगा? रायपुर दक्षिण में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत की पड़ताल

एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। राजधानी रायपुर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर पिछले दिनों लगातार भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधायक सुनील सोनी ने अलग-अलग वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों की शुरुआत के लिए भूमिपूजन किया। इन घोषणाओं और कार्यक्रमों से क्षेत्रवासियों को विकास की उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन कार्यों का भूमिपूजन किया गया, वे धरातल पर कब दिखाई देंगे?
वार्ड 60 में लगभग 30 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
18 नवंबर को चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 60 के अंतर्गत गोकुल नगर और चौरसिया प्रथम कॉलोनी में लगभग 29.32 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इनमें गोकुल नगर की पहली और दूसरी गली में सीसी रोड निर्माण, तीसरी गली में सीसी रोड एवं नाली निर्माण तथा चौरसिया प्रथम कॉलोनी के पास नाली निर्माण शामिल है।

वार्ड 43 में सड़क, नाली और पुलिया निर्माण
17 नवंबर को ब्राह्मणपारा वार्ड क्रमांक 43 में लगभग 15 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इनमें आजाद चौक गार्डन के पास नाली एवं पुलिया निर्माण, आजाद चौक गार्डन और हनुमान मंदिर के पास सड़क, पुलिया एवं नाली निर्माण तथा गौरा-गौरी चौरा, ढीमरपारा और कंकाली तालाब के आसपास विकास कार्य शामिल हैं।
इसी कार्यक्रम के दौरान लगभग 2.30 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत सिटी बस स्टॉप का लोकार्पण भी किया गया।
भाठागांव में 70 लाख के विकास कार्य
28 अक्टूबर को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड के भाठागांव क्षेत्र में लगभग 70 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें सड़क निर्माण, नाली निर्माण और पाइपलाइन विस्तार जैसे कार्य शामिल हैं।
कुशालपुर और प्रोफेसर कॉलोनी में करीब तीन करोड़ की सड़क
29 अक्टूबर को वामनराव लाखे वार्ड के कुशालपुर एवं प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में लगभग 2 करोड़ 96 लाख 85 हजार रुपये की लागत से चतुर्दिक मार्ग डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी उपस्थित थे।
अब जनता पूछ रही है—काम कब पूरा होगा?
इन सभी भूमिपूजन कार्यक्रमों के बाद अब क्षेत्र की जनता को निर्माण कार्य शुरू होने और निर्धारित समय में पूरे होने का इंतजार है।
सड़क निर्माण हो या नाली निर्माण, इनका सीधा संबंध आम नागरिकों की रोजमर्रा की सुविधाओं से है। इसलिए केवल भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रमों से विकास की तस्वीर पूरी नहीं होती। वास्तविक विकास तब माना जाएगा, जब स्वीकृत कार्य निर्धारित समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे होंगे।
नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से पांच सीधे सवाल
भूमिपूजन किए गए कितने कार्यों का निर्माण वास्तव में शुरू हो चुका है?
कितने कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं?
प्रत्येक निर्माण कार्य की पूर्णता की समय-सीमा क्या निर्धारित की गई है?
इन कार्यों के ठेकेदार कौन हैं और अब तक कितना भुगतान किया गया है?
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच और निगरानी कौन करेगा?
अमन प्रकाश न्यूज़ की पड़ताल
अमन प्रकाश न्यूज़ इन विकास कार्यों की स्वीकृति से लेकर निर्माण पूरा होने तक की स्थिति की पड़ताल करेगा। संबंधित विभागों से कार्यादेश, निविदा, ठेकेदारों के नाम, भुगतान विवरण और निर्माण की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी।
क्योंकि जनता को केवल भूमिपूजन की तस्वीरें नहीं, बल्कि अपने मोहल्ले में तैयार होती सड़कें, नालियां और बेहतर बुनियादी सुविधाएं चाहिए।
सवाल सीधा है—भूमिपूजन के बाद विकास जमीन पर कब उतरेगा?



