स्वच्छता के दावों की खुली पोल! महापौर के वार्ड में कचरे का अंबार, सीएम हेल्पलाइन तक पहुंची जनता की शिकायत

एम डी. आरिफ की रिपोर्ट…
रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है। एक ओर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महापौर मीनल चौबे के निवास क्षेत्र चंगोराभाठा में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा होने की खबर सामने आई है। हालात ऐसे हैं कि स्थानीय नागरिकों को सफाई के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक शिकायत करनी पड़ रही है।
चंगोराभाठा क्षेत्र के सरकारी स्कूल के आसपास सुबह सफाई होने के बाद भी दिनभर कचरा जमा रहने की समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे खाली प्लॉटों में कचरा फेंका जा रहा है। शिवनगर झंडा चौक के पास खाली जमीन पर लंबे समय से कचरे का ढेर लगा हुआ है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।

महापौर के निवास क्षेत्र में ही सफाई व्यवस्था पर सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब राजधानी के महापौर के निवास क्षेत्र में ही सफाई व्यवस्था को लेकर नागरिक परेशान हैं, तो शहर के अन्य वार्डों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण खाली प्लॉट और सड़क किनारे कचरा जमा हो रहा है।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद हरकत में आया निगम
समाचार के मुताबिक, सफाई व्यवस्था से परेशान नागरिकों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहारा लिया। शिकायत के बाद नगर निगम की ओर से कार्रवाई शुरू की गई। जोन-1 के अंतर्गत गुढ़ियारी क्षेत्र में एक डेयरी संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। वहीं संबंधित क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
सवाल सिर्फ कचरे का नहीं, जवाबदेही का भी है
रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के लिए पुरस्कार और सम्मान मिलना निश्चित रूप से अच्छी बात है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी जब आम नागरिकों को अपने मोहल्ले में नियमित सफाई मिले।
आखिर ऐसी कौन-सी व्यवस्था है कि सफाई के लिए नागरिकों को बार-बार शिकायत करनी पड़ती है? क्या सफाई कर्मचारियों की नियमित निगरानी हो रही है? क्या वार्ड स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय है?
नगर निगम आयुक्त, महापौर और संबंधित जोन अधिकारियों को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केवल शिकायत के बाद कार्रवाई करने के बजाय नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
क्योंकि स्वच्छ शहर का दावा विज्ञापनों और पुरस्कारों से नहीं, बल्कि हर गली, हर मोहल्ले और हर वार्ड की साफ-सफाई से साबित होता है।
जनता का सवाल : जब महापौर के निवास क्षेत्र में ही सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में है, तो पूरे रायपुर को स्वच्छ बनाने का दावा कितना प्रभावी है?



