छत्तीसगढ़

नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन लाल बंजारे, 43 वर्ष की आयु में निधन

रायपुर | छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब रायपुर के पूर्व उपाध्यक्ष सुखनंदन लाल बंजारे जी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 43 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सुखनंदन लाल बंजारे पिछले कुछ दिनों से पक्षाघात (स्ट्रोक) से पीड़ित थे और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे। चिकित्सकों द्वारा उनका ऑपरेशन भी किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।


शुक्रवार को मोवा स्थित उनके निवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, मित्र और शुभचिंतक शामिल हुए। उनका अंतिम संस्कार देवेन्द्र नगर मुक्तिधाम, रायपुर में किया गया।
दिवंगत पत्रकार अपने पीछे पिता, दो भाई, पत्नी और दो बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत ने एक निर्भीक, संवेदनशील और समर्पित पत्रकार को खो दिया है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Aman Prakash News परिवार दिवंगत पत्रकार सुखनंदन लाल बंजारे जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।

Related Articles

Back to top button