1. बारिश के मौसम में करंट से रहें सावधान: CSPDCL की एडवाइजरी

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड पूरी तरह सतर्क हो गई है. कंपनी ने आम नागरिकों के लिए एक विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है, जिसमें बारिश के दौरान बिजली के उपकरणों और लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है.
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए आंधी-तूफान या बारिश के समय बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों से दूर रहें.
कंपनी ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं कोई बिजली का तार टूटा हुआ दिखे या खंभा क्षतिग्रस्त हो, तो तुरंत टोल-फ्री नंबर 1912, ‘मोर बिजली ऐप’ या नजदीकी बिजली दफ्तर में इसकी सूचना दें.
इसके साथ ही, खेतों या घरों की बाड़ में करंट प्रवाहित करना पूरी तरह अवैध और दंडात्मक है, ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विभाग ने बताया कि मानसून से पहले सभी फीडरों और ट्रांसफार्मरों का मेंटेनेंस कर लिया गया है, लेकिन जनता की जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है.
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने बताया कि खराब मौसम में बिजली कर्मियों को बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करना पड़ता है.
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि बारिश या आंधी के कारण बिजली गुल होती है, तो घबराने या तुरंत शिकायत करने के बजाय 5 से 10 मिनट का धैर्य रखें, क्योंकि कई बार फॉल्ट सुधारने में समय लगता है. उन्होंने जनता से फील्ड पर तैनात बिजली कर्मचारियों को सहयोग देने की बात कही, ताकि सभी की सुरक्षा और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके.
यदि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाए तो यह करें-
सबसे पहले मुख्य स्विच बंद कर विद्युत प्रवाह तत्काल रोकें.
यदि स्विच बंद करना संभव न हो, तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े की सहायता से पीड़ित को बिजली के स्रोत से अलग करें. सीधे हाथ लगाने का प्रयास न करें.
पीड़ित को सूखी जगह पर लिटाकर प्राथमिक उपचार दें, आवश्यकता होने पर कृत्रिम श्वास दें तथा तत्काल निकटतम अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करें.



