1. रायपुर की पॉश कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी, अलमारी तोड़कर लाखों के जेवर और कैश ले उड़े चोर

रायपुर। रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित टाटीबंध की पार्थिवी पेसिफिक कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान में घुसकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ड्यूटी पर गए थे मकान मालिक
पुलिस के अनुसार डाफोडिल, पार्थिवी पेसिफिक टाटीबंध निवासी स्वप्नेश्वर हरिचंदन ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। वे गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड, सिलतरा में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के चलते उनकी पत्नी और बच्चे ओडिशा स्थित पैतृक गांव गए हुए हैं, जिससे वे घर में अकेले रह रहे थे।
28 मई की सुबह करीब 5.15 बजे वे घर में ताला लगाकर ड्यूटी के लिए सिलतरा रवाना हुए थे। दोपहर लगभग 3.15 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर बेडरूम में रखी गोदरेज अलमारी का ताला और लॉकर भी टूटा मिला।
जेवरात और नकदी लेकर फरार
अलमारी में रखे सोने और चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी गायब थी। चोरी गए सामान में सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, छह जोड़ी बालियां, बच्चे का सोने का कड़ा, लाकेट, चूड़ियां, चांदी की पायल, बिछिया, कटोरी, चम्मच, सिक्के तथा पांच हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5.55 लाख रुपये बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस अज्ञात आरोपितों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
टाटीबंध स्थित पार्थिवी पेसिफिक शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में गिनी जाती है। ऐसे में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने रहवासियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।



