1. घर पर पटाखा फेंककर दहशत फैलाने और चाकू दिखाकर धमकी देने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना पुलिस ने घर पर पटाखा फेंककर दहशत फैलाने और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने माना थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देना भी कबूल किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 बालिग, एक अपचारी बालक और एक अपचारी बालिका शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे वीर सावरकर नगर, हीरापुर निवासी रिंकु तिवारी के घर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पटाखा फेंककर हमला किया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में कबीर नगर थाना में अपराध क्रमांक 104/25 के तहत धारा 296, 351(2), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कबीर नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर कुल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया।



