निकाय कर्मचारियों की मांगों को लेकर सचिव से हुई अहम बैठक, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

रायपुर। नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ नगरीय निकाय के प्रदेश पदाधिकारियों ने नगरीय निकाय सचिव आर. संगीता से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संघ की ओर से सचिव को ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी एवं संयोजक संजय शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि निकाय कर्मचारियों को लंबे समय से कई प्रशासनिक और वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मांगों के निराकरण हेतु सचिव से भेंट कर कर्मचारियों की स्थिति से अवगत कराया गया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान व्यवस्था लागू करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, समयमान वेतनमान एवं पदोन्नति का लाभ समय पर देने, सातवें वेतनमान की बकाया एरियर्स राशि का भुगतान करने तथा नवीन पदसंरचना एवं सेटअप तैयार करने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा 3 से 5 वर्षों से निलंबित अधिकारी-कर्मचारियों की विभागीय जांच में तेजी लाकर नियमानुसार सेवा बहाली, अन्य शासकीय विभागों की तरह कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, सेवानिवृत्त एवं मृत कर्मचारियों के लंबित देयों का त्वरित भुगतान करने तथा अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने की भी मांग उठाई गई।
संघ ने वर्ष 1992 से एल.एस.जी.डी. उत्तीर्ण कर्मचारियों को प्राप्त दो वेतन वृद्धि के संबंध में जारी वसूली आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।
संघ नेताओं के अनुसार सचिव आर. संगीता ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा बिंदुवार चर्चा करते हुए हरसंभव समाधान का आश्वासन दिया। सचिव के सकारात्मक रुख से कर्मचारियों में उम्मीद जगी है कि उनकी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
नगरीय निकाय सचिव से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में संयोजक संजय शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष राजेश सोनी, कोषाध्यक्ष संदीप चंद्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, प्रदेश सचिव ऋषभ ठाकुर, सह कोषाध्यक्ष महीतोष शर्मा तथा वरिष्ठ सलाहकार एवं प्रदेश पेंशनर संघ के नेता श्रवण ठाकुर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




