Uncategorized

अवैध प्लॉटिंग पर नगर निगम की कार्रवाई, दो एकड़ भूमि पर विकास कार्य रोका गया

रायपुर। शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 6 ने भाठागांव स्थित पहलवान वाटिका क्षेत्र में लगभग दो एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगा दी है।

जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के निर्देश पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई मुरूम सड़क को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। साथ ही, जिन प्लॉटों की बिक्री कर दी गई थी, उन पर निर्माणाधीन मकानों के लेवल कार्य को भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।


नगर निगम द्वारा इस मामले में आगे की जांच के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखकर संबंधित भूमि के वास्तविक मालिक के दस्तावेज मांगे गए हैं, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
हालांकि, इस पूरे प्रकरण ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर निगम क्षेत्र के भीतर इतनी बड़ी जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और बिक्री कैसे होती रही और संबंधित अधिकारियों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी? यदि जानकारी थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि भोली-भाली जनता को लाखों रुपये का लालच देकर अवैध रूप से प्लॉट बेचे जा रहे हैं, जिससे लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं।
अब सवाल यह भी उठ रहा है कि जब नगर निगम के जोन 6 को ही अब तक जमीन के असली मालिक की जानकारी नहीं है, तो यह प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला है।
जनता और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की धोखाधड़ी पर अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button