छत्तीसगढ़

3. नशा मुक्ति केंद्र में युवक से बेरहमी के साथ मारपीट, मानसिक हालत बिगड़ने का आरोप; आरोपी पर FIR दर्ज

राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में संचालित साहस नशा मुक्ति केंद्र पर मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां भर्ती एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पंडरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकरी के अनुसार, ओडिशा के एक आदिवासी परिवार ने अपने बेटे अंकुर मांझी को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के उद्देश्य से पिछले वर्ष सितंबर में इस केंद्र में भर्ती कराया था। कुछ समय बाद जब परिजन उससे मिलने पहुंचे, तो उन्हें केंद्र प्रबंधन द्वारा मिलने नहीं दिया गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें जातिसूचक टिप्पणी करते हुए अपमानित भी किया गया|

नवंबर में जब युवक को वापस घर ले जाया गया, तो उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए। पूछताछ में युवक ने बताया कि केंद्र में रहने के दौरान उसके साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए विशाखापट्टनम ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ने की बात कही। अस्पताल में कई दिनों तक उसका उपचार चला और अब भी नियमित जांच जारी है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केंद्र संचालिका के बेटे अनिकेत शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button