छत्तीसगढ़

1. गिरोधपुरी धाम में भीषण आग: 3 सिलेंडर ब्लास्ट, 16 दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान…

बलौदाबाजार।   छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गिरोधपुरी धाम में शुक्रवार सुबह एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई। इस हादसे में मंदिर परिसर के बाहर लगी करीब 16 अस्थायी दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग इतनी तेज थी कि मौके पर रखे तीन गैस सिलेंडरों में विस्फोट भी हो गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 7 बजे अचानक दुकानों के पास आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की झोपड़ीनुमा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखी खाद्य सामग्री, पूजन सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जल गए, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर परिसर के पास लगे ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने के बाद आग भड़की। बताया जा रहा है कि किसी बंदर की हलचल के कारण बिजली तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे यह हादसा हुआ।

दमकल ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

धार्मिक स्थल पर मची अफरा-तफरी

गिरोधपुरी धाम संत गुरु घासीदास की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध है। घटना के समय वहां मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन आग ने कई परिवारों की आजीविका को प्रभावित किया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button